शिमला में बर्फबारी, उतर भारत में शीतलहर का कहर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिमला में बर्फबारी शुरू हो गई है। यहां सुबह से ही रुक रुक कर बर्फबारी जारी है। वहीं समूचे हिमाचल में भारी हिमपात की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश की ऊंची चोटियों पर देर रात से हिमपात हो रहा है।
रोहतांग समेत कई चोटियों पर दो फुट से भी ज्यादा ताजा हिमपात हो चुका है। ताजा बर्फबारी के कारण समूचा उतर भारत शीतलहर की चपेट में आ गया है। बर्फीली हवाएं चलने से लोग घरों में दुबक गए हैं।
वहीं, निचले मैदानी इलाकों में भी लगातार बारिश हो रहा है। बर्फबारी की सूचना मिलते ही सैलानी भी शिमला और मनाली पहुंचने लगे हैं।
भारी बर्फबारी की चेतावनी
वहीं, हिमाचल प्रदेश के कई ऊंचे क्षेत्रों में आज भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मैदानी क्षेत्रों में भी दिनभर मौसम खराब रहेगा और बारिश हो सकती है।
मंगलवार को लाहौल की ऊंची चोटियों घेपन पीक, सेवन सिस्टर पीक, ककटी पीक, कंगला ग्लेशियर में हल्की बर्फबारी हुई है। राजधानी शिमला में सुबह धूप खिली रही, जबकि दोपहर बाद बादल छा गए और ठंडी हवाएं चलने लगीं। वहीं देर रात से यहां बारिश और बर्फबारी शुरू हो गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. मनमोहन के अनुसार 14 और 15 जनवरी को प्रदेश भर में मौसम खराब रहेगा। 16 जनवरी से मौसम फिर साफ हो जाएगा।
माइनस में पहुंचा पारा
मैदानी इलाकों में कोहरे और धुंध के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऊना का न्यूनतम तापमान फिर से माइनस में चला गया है। मंगलवार को ऊना का न्यूनतम तापमान -1.2, कल्पा का -1.0 और केलांग का -3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 4.7, सुंदरनगर 2.8, भुंतर 4.5, धर्मशाला 5.6, नाहन 5.5, पालमपुर 6.0, डलहौजी 6.2, सोलन 2.0, चंबा 5.0, मनाली 3.0, कांगड़ा 7.0, बिलासपुर 3.8, हमीरपुर 5.8 और मंडी का न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
लाहौल की चोटियों पर हल्की बर्फबारी
पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी से लाहौल घाटी में पारा शुन्य से नीचे लुढक गया है। सोमवार रात को कोकसर गांव में पारा माइनस 18 डिग्री रिकार्ड़ किया गया। जबकि मंगलवार को घाटी में मौसम दिनभर खराब रहा। इस बीच पहाडों समेत ऊंचाई पर स्थित रिहायशी इलाकों में भी हल्की बर्फबारी हुई। जिससे घाटी शीतलहर की चपेट में आ गया है।