तीसरे दिन भी पहाड़ों पर बर्फबारी, ठंड का प्रकोप, -2.1 डिग्री पहुंचा पारा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में हिमपात का सिलसिला जारी है। सिरमौर, किन्नौर और लाहौल- स्पीति के कई हिस्सों में ताजा हिमपात हुआ है। मौसम केंद्र शिमला के अनुसार सोमवार को मौसम के साफ होने का पूर्वानुमान है।
रविवार को लाहौल-स्पीति के केलांग में -2.1 डिग्री सेल्सियस रहा। किन्नौर के कल्पा में भी तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान ऊना में 25 डिग्री सेल्सियस रहा।
सिरमौर की चूड़धार चोटी पर रविवार तड़के सीजन का पहला हिमपात हुआ। हिमपात से बढ़ी ठंड के बावजूद श्रद्धालु शिरगुल देवता के दर्शनों के लिए चूड़धार पहुंच रहे हैं।
ठंड से पाइप लाइनें भी जमी
शनिवार को करीब चार दर्जन और रविवार सुबह तीन दर्जन श्रद्धालुओं ने शिरगुल महाराज के दर्शन किए। काफी दिन से खराब चल रहे मौसम के चलते यहां पर पीने के पानी की समस्या का सामना करना पड़ा। ठंड बढ़ने के कारण पाइप लाइनें भी जम गई हैं।
गिरिपार इलाके के ऊंचाई वाले क्षेत्रों के तापमान में भी अचानक गिरावट आ गई है। रविवार को जिला सिरमौर के बहुत से इलाकों में हल्की बारिश भी हुई।
उधर, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में रविवार को तीसरे दिन भी बर्फबारी का क्रम जारी रहा। कई ग्रामीण रूटों के ठप होने से ग्रामीणों को खासी परेशानियां झेलनी पड़ीं।
कोकसर में अभी भी फंसे हैं 45 लोग
कल्पा में सुबह दस सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। लाहौल घाटी में बर्फबारी का रविवार को तीसरे दिन भी जारी रही, जबकि निचले इलाकों में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही।
केलांग, कल्पा में तापमान शून्य से नीचे है। रोहतांग दर्रा में 120 सेंटीमीटर, कोकसर में 70 सेंटीमीटर, केलांग में 15 सेंटीमीटर और मढ़ी में 20 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है।
कोकसर में फंसे 45 लोग तीसरे दिन भी बाहर नहीं निकल सके हैं। जिला प्रशासन ने उनकी सूचना उनके घरवालों तक दे दी है और प्रशासन ने उनके रहने और खाने के सभी प्रबंध करने का दावा किया है।