मणिमहेश की चोटियों पर बर्फबारी, 500 श्रद्धालु फंसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मणिमहेश की चोटियों में सोमवार रात और मंगलवार सुबह बारिश और बर्फबारी से मेले में आए लगभग 500 श्रद्धालु फंस गए हैं। खराब मौसम के चलते वे नीचे नहीं आ पा रहे हैं। इसमें ज्यादातर लंगर आयोजक, ढाबा संचालक और अन्य श्रद्धालु शामिल हैं। पर्वतारोहण केंद्र भरमौर के दस सदस्य भी अभी गौरीकुंड में फंसे हुए हैं।
मणिमहेश पहुंचे कई लंगर आयोजक और व्यापारी सोमवार को मेला खत्म होने के बाद खराब मौसम की वजह से अपना सामान नहीं समेट पाए। अधिकतर सोमवार दोपहर तक निचले पड़ाव के लिए निकल गए थे। प्रशासन शाही स्नान शुरू होने से पहले ही श्रद्धालुओं को डल झील में न रुकने की चेतावनी दे रहा था। हालांकि, शाही स्नान करने से प्रशासन ने किसी यात्री को नहीं रोका।
लोगों ने नहीं मानी चेतावनी
पर्वतारोहण केंद्र भरमौर के सदस्यों को आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षा के लिए तैनात किया था। उन्हें डल खाली होने के बाद ही नीचे उतरने के निर्देश थे। मंगलवार तक लोगों ने वापसी नहीं की, इस कारण वे भी नीचे नहीं आ पाए। पर्वतारोहण केंद्र के प्रभारी गौतम ठाकुर ने बताया कि उनके दस सदस्य गौरीकुंड में हैं। मौसम खराब होने की वजह इनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
लोगों ने चेतावनी को अनसुना किया : एडीएम
अतिरिक्त दंडाधिकारी भरमौर सतीश चौधरी का कहना है कि प्रशासन ने पहले ही मौसम खराब होने की चेतावनी जारी कर दी थी। सोमवार को यात्रा संपन्न हो गई थी। सभी लोगों को नीचे उतरने के निर्देश दिए थे, लेकिन लोगों ने निर्देश अनसुने कर दिए। जो लोग मणिमहेश में हैं उनकी सुरक्षा के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं।