Solan: दूसरे दिन भी अनार की पेटियों में नोटों की कतरनें देख हैरत में आढ़ती
सोलन में पिछले दो दिनों से अनार के पेटियों की पैकिंग में 100, 200 और 500 रुपये के नोटों की कतरनें बरामद की जा रही है। मंगलवार को भी सब्जी मंडी में पहुंचीं अनार की पेटियों में कतरनें मिलने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के जिला मुख्यालय सोलन में पिछले दो दिनों से अनार के पेटियों की पैकिंग में 100, 200 और 500 रुपये के नोटों की कतरनें बरामद की जा रही है। मंगलवार को भी सब्जी मंडी में पहुंचीं अनार की पेटियों में कतरनें मिलने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कतरनों को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। अब पुलिस कुल्लू के अनार ट्रांसपोर्टर से भी इस मामले को लेकर पूछताछ करेगी। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह जैसे ही आढ़ती सब्जी मंडी आए और अनार की पेटियां खोलकर देखीं तो पाया कि पेटी में नोटों की कतरनें डाली गई हैं। इस पर आढ़ती भी हैरान हो गए। पुलिस ने कतरनों को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक लैब जुन्गा भेज दिया है।
सब्जी मंडी सोलन के आढ़ती राकेश कोहली और सोनू ने बताया कि पिछले काफी समय से वह सब्जी मंडी सोलन में फल और सब्जी बेचने का व्यापार कर रहे हैं, लेकिन पहली बार ऐसा हुआ है कि अनार की पेटी में नोटों की कतरने पैकिंग के रूप में आ रही हैं। ये नोटों का साइड मैटीरियल है। उन्होंने कहा कि कतरनें असली नोटों की हैं या नकली, इस बारे में कह पाना मुश्किल है लेकिन इसकी जांच करना जरूरी है। अनार कुल्लू से आ रहा है, उसमें ही यह कतरने देखने को मिल रहे हैं। आढ़ती सोनू ने कहा कि वह अनार नासिक और दिल्ली से मंगवा रहे हैं लेकिन उसमें कतरने नहीं आ रही हैं। उधर, एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि अनार सप्लाई करने वाले ट्रांसपोर्टर से भी इस संबंध में पूछताछ की जाएगी। कतरनें असली या नकली नोटों की हैं, इसकी जांच की जा रही है।
अब कुनिहार बाजार में भी मिली कतरनें
सोलन के बाद देर शाम कुनिहार बाजार में भी अनार की पेटियों में नोटों की कतरनें मिलने से चर्चाएं शुरू हो गईं। दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सैंपल लेकर जुन्गा लैब में भेज दिया है। मंगलवार को जब दुकानदार ने अपने सामान के साथ आई अनार की पेटियों को देखा तो उसमें से भी नोटों की कतरनें निकलीं। ये कतरनें 500 और 10 रुपये की हैं। कुनिहार बाजार के व्यापारी महेंद्र पुरी ने बताया कि एक पेटी चंडीगढ़ से अनार की मंगवाई थी। सोलन की खबर देखकर जब उसने अपनी अनार की पेटी को खोला तो उसमें भी नोटों की कतरन की तरह पैकिंग पाई गई। डीएसपी सोलन भीष्म ठाकुर ने बताया कि तफ्तीश जारी है
कुल्लू पुलिस भी जांच में जुटी
जिला कुल्लू से गई अनार की पेटी में नकली नोटों की कतरन मिलने से भुंतर, बंदरोल और पतलीकूहल सब्जी मंडी में हड़कंप मच गया है। लोगों को समझ नहीं आ रहा है कि आखिर कौन है, जो कुल्लू में बैठकर नकली नोट छाप रहा है। इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए स्थानीय पुलिस अपने स्तर पर छानबीन कर रही है। वहीं पंजाब, हरियाणा व सोलन में मामले सामने आने के बाद यहां की पुलिस के छापा मारने की संभावना जताई जा रही है। पतलीकूहल आढ़ती संघ के अध्यक्ष कुंजलाल ठाकुर का कहना है कि नकली नोटों की खबर को लेकर जिलाभर में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा का कहना है कि पता लगया जा रहा है कि इस मामले में कितनी सच्चाई है। अनार की पेटियों में नोटों की कतरन कहां से गई थी और भेजने वाला कौन था।