वर्ल्ड हैरिटेज सिटी बनेगी हिल्स क्वीन शिमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ब्रिटिशकाल में देश की राजधानी रही हिल्स क्वीन शिमला को विश्व धरोहर में शामिल किया जा सकता है। नगर निगम शिमला ने शहर के इतिहास को गिनवाते हुए यूनेस्को को प्रस्ताव भेजा है।
प्रस्ताव में छोटा शिमला से बालूगंज पैदल रोड को वर्ल्ड हैरिटेज साइट घोषित करने की मांग की है। इसी कड़ी में सोमवार को अमेरिका के कौलरेडो की इंटरनेशनल सिटी मैनेजमेंट टीम शहर का निरीक्षण करेगी।
11 मई से 15 मई तक टीम शहर का निरीक्षण करेगी। नगर निगम के अलावा विदेश से आने वाली टीम भी अपने स्तर पर यूनेस्को से शिमला को विश्व धरोहरों की सूची में शामिल करने की सिफारिश कर सकती है। सोमवार को इंटरनेशनल सिटी/कंट्री मैनेजमेंट की टीम अमेरिका के कौलरेडो शहर से आकर शिमला शहर का निरीक्षण करेगी।
मैनेजमेंट टीम ने विश्व के सभी शहरों से अपने-अपने प्रस्ताव आनलाइन भेजने को कहा था। शहर का प्रस्ताव नगर निगम ने भेजा। इसे मंजूर कर लिया है। विश्व के छह शहरों के प्रस्ताव टीम ने मंजूर किए हैं। टीम के प्रोजेक्ट डायरेक्टर डेविड ग्रॉसमैन और प्रोग्राम डायरेक्टर जेसिका चो शहर का दौरा करने आ रहे हैं।
टीम की सकारात्मक पहल से मिलेगी मदद
महापौर संजय चौहान ने बताया कि इंटरनेशनल सिटी/कंट्री मैनेजमेंट की टीम को शहर का निरीक्षण करवाया जाएगा। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, वाटर सप्लाई मैनेजमेंट की प्रक्रिया समझाएंगे।
कौलरेडो से आने वाली टीम 15 मई तक शहर में रहेगी। इस दौरान शहर पर टीम स्टडी करेगी। विदेश में अपनाई जाने वाली तकनीक के बारे में भी टीम के साथ चर्चा होगी।
विभिन्न विभागों के साथ टीम की बैठक होगी। बताया कि यूनेस्को को भी यह टीम अपनी सिफारिशें भेजेगी। वहीं एमसी उपमहापौर टिकेंद्र पंवर ने बताया कि सोमवार को कौलरेडो से आई टीम शहर का निरीक्षण करेगी।
यूनेस्को द्वारा छोटा शिमला-बालूगंज वाया माल रोड सड़क को वर्ल्ड हैरिटेज साइट घोषित करने से इस क्षेत्र की सूरत बदल जाएगी।