Shimla: जुन्गा में फ्लाइंग फेस्टिवल शुरू; उड़ान के दौरान दो पैराग्लाइडर पायलट गिरे, देखें वीडियो
जुन्गा क्षेत्र में तीसरे फ्लाइंग फेस्टिवल एवं हॉस्पिटैलिटी एक्सपो 2025 का आगाज शनिवार को हुआ।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी के जुन्गा क्षेत्र में तीसरे फ्लाइंग फेस्टिवल एवं हॉस्पिटैलिटी एक्सपो 2025 का आगाज शनिवार को हुआ। फेस्टिवल का शुभारंभ मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने किया। उन्होंने झंडी दिखाकर पायलटों को अपने गंतव्यों के लिए रवाना किया। क्षेत्र में मानव परिंदों की उड़ान से रौनक बढ़ गई। पैराग्लाइडिंग का रोमांच देखने के लिए दिनभर सैकड़ों लोगों की भीड़ रही। तीन दिन तक चलने वाले फेस्टिवल में सात से अधिक देशों के 59 अंतरराष्ट्रीय पायलट भाग ले रहे हैं। इसमें चीन का एक, नेपाल चार, मलेशियाचार, स्पेन और जर्मनी से एक-एक पायलट भाग ले रहा है। भारत के 10 राज्यों के पायलट शामिल हैं। नरेश चौहान ने कहा कि फ्लाइंग फेस्टिवल एवं हॉस्पिटैलिटी एक्सपो के आयोजन से जुन्गा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी। इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और लोगों के लिए स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने फ्लाइंग फेस्टिवल में विभिन्न राज्यों से आए निवेशकों और स्थानीय स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल का भी अवलोकन किया।
इस माैके पर फेस्टिवल आयोजक अरुण रावत सहित अन्य माैजूद रहे। बताया कि इस बार देश में पहली बार पैराग्लाइडिंग प्री वर्ल्ड कप और प्री एशियन लीग चैंपियनशिप का संयुक्त आयोजन किया जा रहा है। फेस्टिवल का उद्देश्य शिमला को विश्व स्तरीय एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना और हिमाचल प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय एयर स्पोर्ट्स एवं ईको टूरिज्म का प्रमुख केंद्र बनाना है। इस एक्सपो में स्टार्ट अप्स, एमएसएमई और स्वयं सहायता समूहों को विशेष प्राथमिकता दी गई है। सामान्य श्रेणी के उद्यमियों के लिए स्टॉल शुल्क में 80 फीसदी की छूट दी गई है जबकि एससी, एसटी और महिला उद्यमियों के लिए स्टॉल पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध करवाए गए है। फेस्टिवल के शुभारंभ पर स्कूली विद्यार्थियों व लोक कलाकारों की ओर से नाटी की शानदार प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी सौरभ चौहान, स्टेट फूड कमीशन के अध्यक्ष डॉ. एसपी कटयाल, एपीएमसी शिमला किन्नौर अध्यक्ष देवानंद वर्मा, जिला परिषद सदस्य संतोष शर्मा, तहसीलदार जुन्गा नारायण सिंह वर्मा, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ देवेश ठाकुर, सिविल अस्पताल जुन्गा के चिकित्सा प्रभारी डॉ मनोज वर्मा मौजूद रहे।
द ग्रेट खली युवाओं को फिट रहने के देंगे टिप्स
फेस्टिवल के दौरान 60 से अधिक लघु, सूक्ष्म एवं स्वयं सहायता समूहों के बनाए उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। इसमें ऑर्गेनिक फूड, वेलनेस प्रोडक्ट्स, हैंडीक्राफ्ट्स, पर्यावरण अनुकूल नवाचार और पारंपरिक हिमाचली उत्पाद शामिल रहेंगे। 25 अक्तूबर को लोक गायक कुलदीप शर्मा प्रस्तुति देंगे। 26 अक्तूबर को दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली विशेष रूप से उपस्थित होकर युवाओं में फिटनेस, एडवेंचर एवं खेल भावना को प्रेरित करेंगे। यह फेस्टिवल पर्यटन विभाग, प्रशासन और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
उड़ान के दौरान दो पैराग्लाइडर पायलट गिरे, देखें वीडियो
शिमला से करीब 30 किलोमीटर दूर जुन्गा में शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल के दौरान दो भारतीय पायलट पैराग्लाइडिंग के दौरान अनियंत्रित होकर गिर गए। हालांकि, इन्हें मामूली चोटें आई हैं। उड़ान भरने के बाद पायलट अपने लक्ष्य को हासिल करने के दौरान निर्धारित प्वाइंट्स से थोड़ा बाहर लैंड कर गए। इनमें सेना में कार्यरत प्रद्युमन ने मुख्य लैंडिंग साइट से थोड़ी दूरी पर लैंड किया। जबकि जसवंत ने लैंडिंग साइट से साथ लगते खेत में हवा के दबाव के दौरान पेड़ की टहनियों से टकराते हुए लैंड किया। मौके पर तैनात तहसीलदार जुन्गा नारायण सिंह वर्मा ने कहा कि दोनों पायलट पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि साहसिक खेलों में कई बार पायलट हवा के दबाव के कारण इधर -उधर लैंड कर जाते है। सिविल अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर मनोज वर्मा ने बताया कि दोनों पायलट बिल्कुल ठीक है। उन्होंने पायलटों के स्वास्थ्य की स्वयं जांच की है।