Jaundice Cases Alert: राजधानी शिमला में रोज आ रहे पीलिया के मरीज, डॉक्टर बोले- उबालकर ही पिएं पानी
मानसून की बारिश अब सिर्फ राहत नहीं, बीमारी भी साथ ला रही है। राजधानी शिमला में पीलिया ने दस्तक दे दी है। आईजीएमसी में रोज नए मरीज पहुंच रहे हैं और डॉक्टरों ने दूषित पानी को लेकर लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
राजधानी में बरसात में जलजनित बीमारियों के मामले सामने आने शुरू हो गए हैं। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में पीलिया के रोजाना दो से तीन मामले रोजाना आ रहे हैं। बुधवार को भी आईजीएमसी में तीन मरीज पीलिया से पीड़ित आए। यह मामले सोमवार से अस्पताल में आ रहे हैं। यह मामले शहर में अलग-अलग जगहों के हैं। ऐसे में अभी कहीं क्लस्टर नहीं बना है लेकिन आने वाले दिनों में मामले बढ़ने की आशंका है।
बीते दिनों अस्पतालों में पेट दर्द के मामले आने शुरू हुए थे लेकिन अब पेट दर्द के साथ पीलिया से पीड़ित भी उपचार के लिए अस्पताल में पहुंच रहे हैं। ऐसे में आईजीएमसी के मेडिसिन वार्ड में कतारें लगनी शुरू हो गई हैं। एहतियात के तौर पर चिकित्सक मरीजों के टेस्ट भी करवा रहे हैं ताकि संबंधित बीमारी का उपचार किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों ने भी बरसात में जलजनित बीमारियों के बढ़ती आशंका को देखते हुए एडवाइजरी जारी कर दी है। लोगों से आग्रह किया है कि पानी को उबालकर ही सेवन करें। जिला स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को भी अलर्ट मोड पर रखा है। साथ ही जगहों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। बारिश से शहर के कई हिस्सों में मटमैला पानी की सप्लाई हो रही है।
- गली-सड़े फल और सब्जियां खाने से परहेज करें।
- आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखें।
- बाहरी खाने से परहेज करें।
- खुले में शौच न करें।
- पानी को फिल्टर या फिर उबालकर ही पिएं।
- झाड़फूंक के चक्कर में न पड़े, तुरंत चिकित्सक की सलाह लें।
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) की ओपीडी में पांच संदिग्ध स्क्रब टायफस मामलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे चिकित्सकों ने भी राहत की सांस ली है। हालांकि अस्पताल में रोजाना स्क्रब टायफस से संबंधित लक्षणों के मरीज आ रहे हैं। ऐसे में चिकित्सक भी स्क्रब टायफस के टेस्ट करवा रहे हैं ताकि समय पर इसका पता लग सके। ऐसे में लैब में भी काफी भीड़ उमड़ रही है। बुधवार को भी आईजीएमसी में ओपीडी से तीन संदिग्ध मरीजों को स्क्रब टायफस के टेस्ट करवाने की सलाह दी है। मरीजों के शरीर में दर्द, बुखार समेत अन्य लक्षण देखे जा रहे हैं। बता दें कि जलजनित बीमारियों के साथ बरसात में स्क्रब टायफस के मामले भी आने शुरू हो जाते हैं। आईजीएमसी के मेडिसिन ओपीडी में आने वाले संदिग्ध मरीजों की चिकित्सकों ने सैंपलिंग करवाई जा रही है।