शिमला रेप केस: आईजी, डीएसपी समेत आठों पुलिस कर्मचारियों को यहां ले गई CBI
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुड़िया मामले से जुडे़ लॉकअप हत्याकांड में हिमाचल पुलिस के आईजी जहूर एच. जैदी समेत गिरफ्तार किए गए 8 पुलिस कर्मचारियों को सीबीआई बुधवार सुबह करीब छह बजे नई दिल्ली ले गई।
मंगलवार को गिरफ्तार आईजी जैदी और अन्य पुलिसकर्मियों ने बालूगंज थाने के लॉकअप में आम मुजरिम की तरह रात काटी। अब दिल्ली ले जाकर आईजी और डीएसपी समेत पकड़े गए आठों पुलिसकर्मियों से सीबीआई कड़ी पूछताछ कर रही है।
राज्य पुलिस के ये अधिकारी और कर्मचारी चार सितंबर तक सीबीआई के रिमांड पर चल रहे हैं। सीबीआई के प्रवक्ता आरके गौड़ ने आईजी जैदी सहित आठों पुलिस वालों को नई दिल्ली ले जाने की पुष्टि की है।
CBI कर रही कड़ी पूछताछ
उन्होंने कहा कि चार सितंबर तक इनसे पूछताछ की जा रही है। उसी के बाद आगामी कार्रवाई को लेकर कुछ कहा जा सकेगा।
उल्लेखनीय है कि कोर्ट से चार सितंबर तक रिमांड पर लेने के बाद आईजी जैदी और डीएसपी मनोज जोशी समेत सभी को बालूगंज थाने के लॉकअप में रखा गया।
गिरफ्तार किए गए अधिकारियों और कर्मचारियों में आईजी दक्षिणी रेंज रहे जहूर एच. जैदी, ठियोग के डीएसपी मनोज जोशी, कोटखाई
पुलिस थाने के पूर्व एसएचओ राजेंद्र सिंह, पुलिस स्टेशन कोटखाई के पूर्व एएसआई दीप चंद, इसी पुलिस स्टेशन के एचएचसी रहे सूरत सिंह, मोहन लाल, हेड कांस्टेबल रफीक अली और कांस्टेबल रंजीत स्ट्रेटा शामिल हैं।
आईजी समेत आठ पुलिस कर्मी होंगे निलंबित
गुड़िया प्रकरण में गिरफ्तार आईजी जहूर एच जैदी समेत आठ पुलिस कर्मियों के खिलाफ गुरुवार को निलंबन की कार्यवाही होगी। लॉकअप में आरोपी सूरज की हत्या के मामले में सीबीआई ने मंगलवार को इन पुलिस कर्मियों को गिरफ्तार किया था।
सीबीआई ने पुलिस निदेशक मुख्यालय को पुलिस कर्मियों की गिरफ्तारी से अवगत करवा दिया है। मुख्यालय ने बुधवार शाम को सीबीआई की कार्रवाई से संबंधित पत्रावली से अवगत करवा दिया है।
शासन स्तर से गुरुवार को सभी को निलंबित करने के आदेश जारी हो सकेंगे। आठ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को गिरफ्तार हुए चौबीस घंटे बीत चुके हैं।
मुख्य सचिव वीसी फारका ने बताया कि आईजी समेत आठ पुलिस कर्मियों की गिरफ्तारी से संबंधित जानकारी सीबीआई से प्राप्त हो चुकी है। आपराधिक मामलों में गिरफ्तार कर्मचारियों के खिलाफ नियमों के तहत निलंबित करने के आदेश गुरुवार को जारी कर दिए जाएंगे।