Himachal News: संदीप शर्मा और मनोज उप्रेती के बीच बिजली बोर्ड के नए प्रबंध निदेशक पद की दौड़
संदीप कुमार शर्मा को बिजली बोर्ड और मनोज कुमार उप्रेती को ट्रांसमिशन कारपोरेशन में प्रबंध निदेशक बनाकर सरकार संतुलन बैठा सकती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राज्य बिजली बोर्ड का नया प्रबंध निदेशक बनने के लिए संदीप कुमार शर्मा और मनोज कुमार उप्रेती के बीच दौड़ शुरू हो गई है। वर्तमान प्रबंध निदेशक पंकज डढवाल का 12 अप्रैल को कार्यकाल पूरा हो रहा है। वरिष्ठता के अनुसार निदेशक तकनीकी संदीप कुमार शर्मा पहले और निदेशक ऑपरेशन मनोज कुमार उप्रेती दूसरे नंबर पर हैं। प्रबंध निदेशक पंकज डढवाल को एक साल का सेवा विस्तार दिए जाने की चर्चा भी जोरों पर है। सत्ता नहीं व्यवस्था परिवर्तन का नारा देने वाली सुक्खू सरकार घाटे में चल रहे बिजली बोर्ड की नैया पार लगाने के लिए अब किस अफसर को अधिमान देती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
राज्य ट्रांसमिशन कारपोरेशन में भी प्रबंध निदेशक का पद रिक्त है। ऐसे में संभावित है कि संदीप कुमार शर्मा को बिजली बोर्ड और मनोज कुमार उप्रेती को ट्रांसमिशन कारपोरेशन में प्रबंध निदेशक बनाकर सरकार संतुलन बैठा सकती है। ट्रांसमिशन कारपोरेशन में निदेशक के पद पर नियुक्त राजीव सूद भी प्रबंध निदेशक पद की दौड़ में हैं। बिजली बोर्ड के वर्तमान प्रबंध निदेशक पंकज डढवाल एक तेजतर्रार इंजीनियर के तौर पर जाने जाते हैं।
बिजली बोर्ड में अभी तक सेवाएं देते हुए पंकज अधिकांश सरकारों के करीबियों में ही शुमार रहे हैं। कांग्रेस के कई नेता पंकज डढवाल को सेवाविस्तार दिए जाने की वकालत करने में जुटे हैं। उधर, पावर इंजीनियर एसोसिएशन ने बोर्ड में किसी भी अधिकारी को सेवाविस्तार नहीं दिए जाने को लेकर अपने मत से भी सरकार को अवगत करवा दिया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का तर्क है कि उच्च पदों पर सेवाविस्तार देने से नीचे के अधिकारियों की पदोन्नति प्रक्रिया प्रभावित होती है। अब सरकार आने वाले दिनों में इस बाबत क्या फैसला लेती है, यह देखना दिलचस्प होगा।
बोर्ड के चेयरमैन रामसुभग सिंह जुलाई में होंगे सेवानिवृत्त
राज्य बिजली बोर्ड के चेयरमैन और पूर्व मुख्य सचिव रामसुभग सिंह जुलाई 2023 को अपने पद से सेवानिवृत्त होंगे। राम सुभग सिंह को मुख्य सचिव पद से हटाने के बाद पूर्व की भाजपा सरकार ने प्रधान सलाहकार नियुक्त किया था। सत्ता बदलने के बाद सुक्खू सरकार ने इन्हें मुख्यमंत्री का प्रधान सलाहकार नियुक्त किया और बिजली बोर्ड के चेयरमैन पद से भी नवाजा।