रोहतांग से दौड़े छोटे वाहन, इस दिन से चलेगी एचआरटीसी बस, बड़े वाहन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
13050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रे से स्थानीय वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। वीरवार को 173 वाहन रोहतांग दर्रे के आर पार हुए। जबकि एचआरटीसी की मिनी बस कोकसर से ट्रायल पर भेजी गई।
शुक्रवार से बड़े वाहन भी रोहतांग दर्रे से होकर गुजरेंगे और टैक्सी किराये से निजात मिलेगी। वीरवार सुबह करीब 11 बजे कोकसर से मनाली के लिए वाहन छोड़े गए। कोकसर से 77 वाहन मनाली के लिए रवाना हुए।
जबकि दोपहर बाद मढ़ी से लाहौल घाटी के लिए 96 वाहन छोड़े गए। वाहनों की आवाजाही पर रेस्क्यू टीम ने नजर रखी। रोहतांग दर्रा बहाल होने के बाद वीरवार से ही छोटे वाहनों की आवाजाही हुई।
ट्रायल के लिए लाई गई बस में यात्रियों को सकुशल पहुंचाया गया। वीरवार को सुबह 11 बजे से पहले किसी भी वाहन को आवाजाही की अनुमति नहीं दी गई। हालांकि आवाजाही के लिए वाहन पहुंचना शुरू हो गए थे।
स्किड होने का खतरा देखते हुए बैरियर पर रोके वाहन
लेकिन सुबह सड़क पर बर्फ जमे हुए होने के कारण वाहनों के स्किड होने का खतरा देखते हुए बैरियर पर वाहन रोके गए। वहीं, आरएम केलांग मंगल चंद मनेपा ने बताया कि बस ट्रायल सफल रहा है।
शुक्रवार से रोहतांग होकर बस सेवा शुरू की जाएगी। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने बताया कि बीआरओ इनपुट के आधार पर सुबह 11 बजे पहले लाहौल-स्पीति की तरफ से वाहन छोड़े गए। बाद में मनाली से लाहौल के लिए वाहन गए। बीआरओ की तरफ से फिलहाल वन वे ट्रैफिक के लिए कहा गया है।
शुक्रवार को सुबह पहले मनाली से वाहन लाहौल की तरफ जाएंगे। बाद में लाहौल-स्पीति से कुल्लू की तरफ आएंगे। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने बताया कि रोहतांग में सड़क चौड़ी और टॉयलेट की व्यवस्था होने के बाद सैलानियों को रोहतांग दर्रा जाने की अनुमति दी जाएगी। हालांकि, इससे पहले बीआरओ से फीडबैक लिया जाएगा।