Himachal News: लेह-लद्दाख के शिक्षकों को बीएड करवाने में मदद करेगा हिमाचल, जानें विस्तार से
लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी पार्षद (सीईसी) ताशी ग्यालसन और उपाध्यक्ष त्सेरिंग अंगचुक से भेंट कर एक उच्च स्तरीय बैठक की।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश सरकार लेह-लद्दाख के शिक्षकों को बीएड करवाने में मदद करेगी। लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद के अध्यक्ष के साथ मंगलवार को बैठक कर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मदद का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी (एचपीयू) के माध्यम से शिक्षण प्रशिक्षण में सहयोग दिया जाएगा। आईआईटी मंडी के सहयोग से प्रदेश में चल रहे स्टेम अभियान में मदद करने की बात कही। हिमाचल के शैक्षणिक दल ने लद्दाख के शिक्षा सचिव के साथ भी कई बिंदुओं पर महत्वपूर्ण चर्चा की।
रोहित ठाकुर की अगुवाई में लद्दाख दौरे पर गए हिमाचल के शैक्षणिक दल ने मंगलवार को लेह में लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी पार्षद ताशी ग्यालसन और उपाध्यक्ष त्सेरिंग अंगचुक के साथ बैठक की। बैठक में दोनों राज्यों के शैक्षणिक अनुभवों, प्रमुख चुनौतियों और नवाचारों पर चर्चा हुई। हिमाचल की ओर से समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना निदेशक राजेश शर्मा, उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत शर्मा और स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक में हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में आईआईटी मंडी के सहयोग से चल रहे स्टेम (साइंस, टेक्नालाजी, इंजीनियरिंग, मैथेमेक्टिस) आधारित शैक्षणिक पहलों की जानकारी साझा की गई। परिषद ने इस मॉडल को लद्दाख में लागू करने की रुचि दिखाई और इसे समग्र शिक्षा हिमाचल के सहयोग से प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा। लद्दाख में शिक्षक प्रशिक्षण की आवश्यकता पर भी विशेष चर्चा हुई। परिषद ने अवगत कराया कि उनके अनेक शिक्षकों के पास आवश्यक बीएड योग्यता नहीं है, जिससे शिक्षण की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। मंत्री ने एचपीयू के डिस्टेंस एजुकेशन मोड के माध्यम से ऐसे शिक्षकों को प्रशिक्षित करने में सहयोग का आश्वासन दिया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस विषय को एचपीयू के कुलपति से बात करेंगे।
लद्दाख की ओर से यह भी अनुरोध किया गया कि उनके स्कूल प्रमुखों और शिक्षकों को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) से स्कूल लीडरशिप प्रशिक्षण प्रदान करने में समग्र शिक्षा हिमाचल सहयोग करे। हिमाचल पहले ही अपने स्कूल प्रमुखों को आईआईएम के माध्यम से नेतृत्व विकास प्रशिक्षण प्रदान कर चुका है। परिषद की इसी तर्ज पर प्रशिक्षण प्राप्त करने की इच्छा पर हिमाचल ने सहमति जताई।
छात्र–शिक्षक आदान प्रदान कार्यक्रम शुरू करने पर हुई चर्चा
शिक्षा मंत्री ने लद्दाख की शिक्षा सचिव भानुप्रभा और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें समग्र शिक्षा निदेशक राजेश शर्मा ने हिमाचल में शिक्षा के क्षेत्र में अवसरों और चुनौतियों पर एक प्रस्तुति दी। हिमाचल और लद्दाख के बीच छात्र आदान-प्रदान कार्यक्रम शुरू करने और शिक्षकों को हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव्स लद्दाख में प्रशिक्षण दिलाने को लेकर एमओयू किए जाने पर विस्तार से चर्चा हुई।