राहत: ऊना के दो और कोरोना संक्रमित हुए ठीक, अब जिले में छह सक्रिय केस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के जिला ऊना के लिए लगातार राहत वाली खबर आ रही है। कोविड-19 कोरोना वायरस को लेकर प्रदेश के सबसे बड़े हॉटस्पॉट के रूप में उभरे जिला ऊना के दो और कोरोना संक्रमितों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। दोनो ऊना के उपमंडल बंगाणा और अंब से हमीरपुर शिफ्ट हुए थे। दो सप्ताह पूर्व सैंपल जांच के लिए टांडा भेजे गए थे। इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर 11 अप्रैल शाम को इन्हें ऊना से राधा स्वामी सत्संग व्यास चैरिटेबल अस्पताल भोटा हमीरपुर शिफ्ट किया था। 24 अप्रैल को इन दोनों का 14 दिन का आइसोलेशन पीरियड पूरा होने के बाद सैंपल लिए गए थे।
ये दोनों हमीरपुर के राधास्वामी चैरिटेबल अस्पताल भोटा में उपचाराधीन थे। हालांकि ऊना से भेजे गए यहां दो और कोरोना संक्रमितों का उपचार चल रहा है। बहरहाल अब जिला में कोविड-19 के मरीजों की संख्या घटकर 6 रह गई है। विभिन्न अस्पतालों में सघन उपचार के लिए भेजे गए 16 कोरोना संक्रमित मरीजों में से दस की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है। उपायुक्त हमीरपुर हरिकेश मीणा और डॉ. राधाकृष्णनन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल वर्मा ने कहा कि निगेटिव हुए दोनाें मरीजों का 24 घंटे के बाद दूसरा सैंपल भी जांच के लिए भेज दिया है।
कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए तीनों लोगों के भरे सैंपल
उपतहसील जोल के अंतर्गत हॉटस्पॉट पंचायत चौकीमन्यार और बैरिया से शुक्रवार शाम को सात सैंपल लिए गए हैं। इसमें से तीन सैंपल कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति की कांटेक्ट हिस्ट्री से संबंधित हैं। इसके अलावा 4 सैंपल रैंडम लिए गए हैं। इसकी पुष्टि पीएचसी सोहारी में तैनात डॉ. गौरव धीमान व बंगाणा थाना प्रभारी मनोज कौंडल ने की है।
पिछले दिनों चौकीमन्यार पंचायत के संबंधित गांव का एक युवक दिल्ली स्थित मरकज में जमात लगाकर लौटा था। इसकी बाद में टेस्टिंग की गई तो वह कोरोना पॉजिटिव निकला। स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर उसके 11 पारिवारिक सदस्यों समेत एक केमिस्ट को भी जोल रेस्ट हाउस में आईसोलेट किया था। वहीं, अब तीन और लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग हुई है, जो उक्त युवक के संपर्क में आए हैं।
हॉटस्पॉट क्षेत्र अनूही के 13 लोगों के सैंपलों की होगी जांच
उपमंडल जवाली के अधीन राजोल पंचायत के अनूही में कोरोना पॉजिटिव का मामला सामने आने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। प्रशासन ने पंचायत राजोल और आंबल को सील किया है, वहीं स्वास्थ्य विभाग ने एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान चला रखा है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम बीएमओ फतेहपुर डॉ. रंजन मेहता की अगुवाई में अनूही में पहुंची तथा 13 लोगों के ब्लड सैंपल लेकर टांडा के लिए भेज दिए गए।
बीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने एक्टिव केस फाइंडिंग का अभियान चला रखा है। स्वास्थ्य कर्मियों सहित आंगनबाड़ी, आशा वर्कर लोगों के घर-घर जाकर खांसी, जुकाम के लक्षण वाले मरीजों का डाटा तैयार कर रहे हैं, जिनके बाद स्वास्थ्य विभाग ब्लड सैंपल लेकर टेस्ट करवा रहा है। एसडीएम जवाली सलीम आजम ने कहा कि प्रशासन किसी प्रकार का कोई रिस्क नहीं लेना चाहता। पंचायत राजोल और आंबल को 30 अप्रैल तक सील किया गया है।