दो साल की मासूम में दूसरे दिन भी नहीं दिखे कोरोना के लक्षण, इतने दिन में मिल सकती है छुट्टी
हिमाचल के चंबा जिले में पिता के संपर्क में आने से कोरोना पॉजिटिव हुई दो वर्षीय मासूम में दो दिन बाद भी कोरोना के लक्षण नहीं दिखे हैं। रोजाना एक शिशु रोग विशेषज्ञ कोविड अस्पताल बालू में बच्ची के स्वास्थ्य की जांच कर रहा है। 25 डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम 24 घंटे बच्ची व अन्य पॉजिटिव मरीजों की देखभाल को कोविड अस्पताल में सेवाएं दे रही हैं। अगर बच्ची में 10 दिन तक लक्षण सामने नहीं आए तो उसे अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। सरकार की नई गाइडलाइन के मुताबिक बिना लक्षण वाले कोरोना पॉजिटिव को 10 दिन तक कोविड अस्पताल में देखरेख में रखा जाएगा।
10 दिन तक लक्षण सामने न आने पर उन्हें घर भेजने का प्रावधान है। अस्पताल से छुट्टी के बाद मरीज को घर पर सात दिन तक होम क्वारंटीन रखा जाएगा। कोविड अस्पताल बालू में बच्ची की देखभाल के लिए सरकार के आदेशानुसार उसकी मां को भी साथ रखा गया है। बच्ची व उसकी मां को अन्य कोरोना पॉजिटिव मरीजों से अलग रखा गया है। बच्ची के दिल में छेद है। इसके इलाज को सरकार ने हामी भरी है। कोरोना संक्रमण से मुक्त होने के बाद बच्ची के दिल का इलाज होगा। इलाज का सारा खर्च सरकार उठाएगी।
कोविड अस्पताल बालू पहुंचाए तीनों पॉजिटिव
वहीं, कोरोना पॉजिटिव 108 एंबुलेंस से सलूणी से चंबा के कोविड अस्पताल बालू लाए गए। सोमवार सुबह पौने सात बजे बालू में ईएमटी अंजना व पायलट योगराज पीपीई किट में सलूणी के लिए रवाना हुए। सवा 10 बजे एंबुलेंस पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम तीनों कोरोना पॉजिटिव को लेकर तैयार बैठी थी। साढ़े 10 बजे इन्हें लेकर एंबुलेंस निकली और दोपहर एक बजे कोविड अस्पताल बालू पहुंची। यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
एंबुलेंस से पहले पायलट उतरा। इसके बाद ईएमटी बाहर आईं। पायलट ने एंबुलेंस का दरवाजा खोला। इसके बाद तीनों पॉजिटिव एंबुलेंस से उतरे। इनके आईसोलेशन वार्ड की तरफ बढ़ते ही पीछे-पीछे एक कर्मचारी पीपीई किट पहनकर हाइपोक्लोराइट स्प्रे करने लगा। एंबुलेंस को सैनिटाइज किया गया। अब यह एंबुलेंस 24 घंटों के लिए उपयोग में नहीं लाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि तीन कोरोना पॉजिटिव को उपचार के लिए कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।
कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए 40 लोगों के लिए सैंपल
सलूणी इलाके में तीन पॉजिटिव मामले आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने करीब 40 लोगों के सैंपल लिए हैं। सैंपल आईएचबीटी पालमपुर भेजे जाएंगे। तीन दिन पहले बद्दी से चंबा आए दो लोग पॉजिटिव पाए गए थे। इनमें एक व्यक्ति की दो वर्षीय बेटी भी पॉजिटिव है। दो वर्षीय बच्ची के बाद अब तीन अन्य लोग पॉजिटिव आए हैं। इन्होंने कोरोना पॉजिटिव के साथ बैठकर पार्टी की थी। इससे ये भी संक्रमित हो गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि सैंपल की रिपोर्ट मंगलवार शाम तक आ सकती है।