खेल प्राधिकरण कर रहा है कोच की भर्ती, वेतन भी शानदार
भारतीय खेल प्राधिकरण 25 विभिन्न खेलों के लिए अनुबंध के आधार पर कोच की भर्ती करेगा। प्राधिकरण ने आवेदन करने की अंतिम तिथि तीन अगस्त 2018 निर्धारित की है। कोचों की संख्या कितनी होगी, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। पदों की संख्या घट या बढ़ सकती है।
अखिल भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार एथलीट, आरचरी, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, साइकिलिंग, फुटबॉल, जिम्नास्टिक, जूडो, किकिंग, खो-खो, कबड्डी, लॉन टेनिस, रोविंग, तैराकी, वेटलिफ्टिंग, रेसलिंग, बास्केटबॉल, फेनसिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वाडों और वुशू खेल के कोच की नियुक्तियां होंगी। कोच के सभी पदों की भर्ती अनुबंध के आधार पर की जाएगी।
अभ्यर्थी की आयु तीन अगस्त 2018 तक तीस साल की होनी चाहिए। इसके अलावा आवेदनकर्ता की योग्यता के लिए एनआईएस से डिप्लोमा, एशियन गेम्स और विश्व चैंपियनशिप या ओलंपिक खेलों में भाग लिया होना चाहिए।
आवेदन के लिए 500 रुपये फीस
प्राधिकरण ने आवेदन के लिए 500 रुपये फीस निर्धारित की है और यह फीस बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से सचिव खेल प्राधिकरण ऑफ इंडिया नई दिल्ली को देय होगी। आवेदन के बाद चयनित अभ्यर्थियों का शारीरिक टेस्ट और साक्षात्कार होगा।
अनुबंध के आधार पर नियुक्त कोच 28,755 रुपये मासिक वेतन मिलेगा। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद कोई भी आवेदन या अधूरा आवेदन स्वीकार नहीं होगा। वहीं अनुबंध कार्यकाल में किसी भी कोच का तबादला भी नहीं होगा।
हिमाचल प्रदेश वुशू खेल संघ के महासचिव पीएन आजाद ने कहा कि अखिल भारतीय खेल प्राधिकरण ने 25 खेलों के लिए कोच नियुक्त करने जा रहा है। इससे खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा।