राजनाथ सिंह बोले- देशद्रोह का कानून ऐसा बनेगा कि देशद्रोहियों की रूह कांप उठे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस और राहुल गांधी कह रहे हैं कि सत्ता में आए तो राष्ट्रद्रोह का कानून ही समाप्त कर देंगे, लेकिन भाजपा इस कानून को इतना सख्त बनाएगी कि देशद्रोहियों की रूह कांप जाएगी। यह बात केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कुल्लू के ढालपुर मेें चुनावी जनसभा में कही। उन्होंने कहा कि आजाद भारत में अभी तक जितने भी चुनाव हुए हैं, हर बार महंगाई का मुद्दा उठता आया है।
पहली बार 2004 और अब 2019 के चुनाव में महंगाई कोई मुद्दा नहीं है। 2004 में अटल बिहारी वाजपेयी और 2019 में मोदी सरकार ने ऐसे आर्थिक प्रबंधन किए कि महंगाई बढ़ने ही नहीं दी। पाकिस्तान में महंगाई दर 10 से 12 फीसदी है, जबकि भारत में दो से तीन फीसदी। भाजपा सरकार ने पाकिस्तान की महंगाई को वाघा बॉर्डर से घुसपैठ ही नहीं करने दी।
उन्होंने एयर स्ट्राइक पर कहा कि दुश्मन की लाशें सेना के बहादुर जवान नहीं, बल्कि गिद्द गिनते हैं। गृह मंत्री ने कहा कि राहुल कह रहे हैं कि हमारी सरकार बनी तो न्याय करेंगे, लेकिन उनसे पूछना चाहता हूं की 55 साल तक कांग्रेस ने कितनी गरीबी दूर की। 2016 में देश में 12.50 करोड़ गरीब थे। साढ़े तीन वर्ष बाद आए आंकड़ों में 7.50 करोड़ गरीबी से मुक्त हुए।
अब सिर्फ 5 करोड़ गरीब बचे हैं। हमारा प्रयास रहेगा कि एक भी परिवार गरीब न रहे। गृृहमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकारों में सब्सिडी बिचौलियों से होकर आती थी। अब दिल्ली के बैंकों में जमा कर सीधे खातों में जमा हो रही है। भारत तेजी से उबरती अर्थव्यवस्था है और चार साल में एक लाख दस हजार करोड़ रुपये बचाए हैं।
उन्होंने जनता की आंख में आंख डालकर राजनीति की, धूल झोंक कर नहीं। राजनाथ ने कहा कि भगवान राम ने भी मर्यादाओं को नहीं तोड़ा था। पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए गृहमंत्री ने कहा कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं और अगर कोई हमें छेड़ेगा तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। हम देश को बलवान और धनवान बनाना चाहते हैं।
पांच एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को भी छह हजार
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दोबारा सत्ता में आने पर अब पांच एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को भी साल में छह हजार रुपये सीधे खाते में दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह रामस्वरूप शर्मा के लिए नहीं, देश बनाने के लिए वोट मांगने आए हैं। भाजपा हाईकमान ने मंडी से रामस्वरूप शर्मा को सोच-समझकर दूसरी बार चुनाव में उतारा है। वह सरल स्वभाव के हैं और उन पर कोई भ्रष्टाचार का दाग नहीं।