हिमाचल के शैक्षणिक संस्थानों में फिर बढ़ाईं छुट्टियां, सरकार ने जारी किए आदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों में 15 दिन का और अवकाश घोषित कर दिया गया है। कोरोना वायरस से बचाव के लिए सरकार ने प्रदेश में स्कूलों और कॉलेजों को 30 जून तक बंद रखने के आदेश जारी कर दिए हैं। सरकारी स्कूलों में छुट्टियों के दौरान विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई भी बंद रहेगी। शिक्षकों और गैर शिक्षकों को भी अवकाश ही रहेगा। हिमाचल के शैक्षणिक संस्थानों में प्रदेश सरकार ने कोरोना संकट के बीच तीसरी बार छुट्टियां घोषित कर दी हैं। 16 मई को लॉकडाउन-4 से पहले ही उच्च शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के निर्देश जारी करते हुए 31 मई तक छुट्टियां कर दी थीं।
30 मई को दूसरी बार छुट्टियां 15 जून तक बढ़ाई गईं। अब मंगलवार शाम को सरकार ने 30 जून तक शैक्षणिक संस्थानों को तीसरी बार छुट्टियां देते हुए बंद रखने का फैसला लिया है। बता दें कि कॉलेजों में दी गई छुट्टियां 10 जून को समाप्त होने जा रही थी। ऐेसे में सरकार ने मंगलवार को आदेश जारी कर स्कूल और कॉलेज 30 जून तक बंद कर दिए हैं। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि वर्तमान के हालात को देखते हुए बच्चों को लेकर किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने का फैसला लेते हुए 30 जून तक स्कूल-कॉलेजों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि जुलाई के पहले सप्ताह में स्कूल-कॉलेजों को खोलने का फैसला लिया जाएगा।
बरसात की छुट्टियों पर चली कैंची
स्कूलों में एक साल के लिए तय किए गए शैक्षणिक दिवस पूरे करने के लिए आने वाले महीनों की कई छुट्टियों पर कैंची चलेगी। 14 दिन मई में और एक माह जून में दिए गए अवकाश की भरपाई के लिए आगामी छुट्टियों को कम किया जाएगा। इस साल बरसात की छुट्टियों को अब नहीं दिया जाना लगभग तय हो गया है। इसके अलावा हर माह के दूसरे शनिवार को होने वाली छुट्टी भी बंद हो सकती है। वहीं, दीवाली के दौरान वाली छुट्टियां भी कुछ कम हो सकती हैं।
सरकारी स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई भी रहेगी बंद
सरकारी स्कूलों में 30 जून तक छुट्टियों होने के साथ ही ऑनलाइन पढ़ाई से भी बच्चों को छुट्टी रहेगी। व्हाट्सएप के अलावा दूरदर्शन के माध्यम से इस दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई नहीं होगी।
नए सत्र में प्रवेश के लिए विवि ने 25 तक बढ़ाई आवेदन की तिथि
प्रदेश विवि ने शैक्षणिक सत्र 2020-21 में प्रवेश लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि को 25 जून तक बढ़ा दिया है। इसकी सूचना विवि की वेबसाइट पर जारी की गई है। पूर्व में आवेदन करने के लिए 8 जून अंतिम तिथि रखी गई थी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने आवेदन की तिथि बढ़ाने की पुष्टि की है। एडमिशन पोर्टल को भी 25 जून तक खुला रखा जाएगा।
लॉकडाउन के चलते विद्यार्थियों को राहत देने के लिए आवेदन की तिथि को बढ़ाया गया है। अभी तक बीएड की प्रवेश परीक्षा की तिथि विवि तय नहीं कर सका है। विवि प्रवेश परीक्षा की तिथि तय करेगा। इसकी अधिसूचना अलग से जारी की जाएगी। आवेदनकर्ताओं को उनके मोबाइल नंबर और ई मेल आईडी पर सूचित भी किया जाएगा।