1500 जवानों के जिम्मे होगी राष्ट्रपति की सुरक्षा, ब्लड ग्रुप और स्पेशल वार्ड रिजर्व
बीस मई से शिमला प्रवास पर आ रहे देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की सुरक्षा को लेकर हिमाचल पुलिस ने खाका तैयार कर लिया है। करीब पंद्रह सौ जवानों को राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए लगाया जाएगा। राष्ट्रपति के आने-जाने के रास्ते पर हर कुछ मीटर की दूरी पर जवान तैनात रहेंगे।
इसके अलावा कल्याणी, जुब्बड़हट्टी और अनाडेल के हैलीपैड को भी सील कर दिया गया है। राष्ट्रपति निवास और विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर हिमाचल के कमांडो और क्यूआरटी की तैनाती की जाएगी।
देश के राष्ट्रपति बनने के बाद रामनाथ कोविंद पहली बार हिमाचल आ रहे हैं। उनकी सुरक्षा को पुख्ता रखने के लिए हिमाचल पुलिस ने पूरी तैयारी कर बार-बार रिहर्सल करने की तैयारी कर ली है। इसके तहत राष्ट्रपति के निवास रिट्रीट से लेकर अनाडेल और जुब्बल एयरपोर्ट तक सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे।
वहीं, विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर हिमाचल पुलिस के स्नाइपर और कमांडो तैनात किए जाएंगे। एक आईजी रैंक के अधिकारी को पूरी सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। किसी भी स्थिति से निपटने को दो बैकअप टीमें भी स्टैंड बाय रखी जाएंगी।
सूत्रों का कहना है कि ट्रैफिक की जिम्मेदारी संभालने के लिए भी करीब सौ जवानों को अलग से लगाया जाएगा। शिमला के अलावा सोलन में होने वाले कार्यक्रम के लिए भी भारी सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।
रिट्रीट में स्कूलों बच्चों से मिलेंगे रामनाथ
हिमाचल प्रवास पर आ रहे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के शिमला दौरे का कार्यक्रम सरकार को मिल गया है। राष्ट्रपति पांच दिवसीय प्रवास के दौरान अधिकांश समय अपने निवास रिट्रीट पर बिताएंगे। नौणी विवि में दीक्षांत समारोह में शिरकत करने के अलावा उनका गणमान्य लोगों से मिलने और राजभवन जाने का कार्यक्रम तय हुआ है। स्कूली छात्रों के साथ उनकी एट होम मुलाकात है।
राष्ट्रपति 21 मई को नौणी विश्वविद्यालय सोलन में दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगे। अगले दिन पीटरहॉफ में मुख्यमंत्री और मंत्रियों के अलावा अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा राज्यपाल आचार्य देवव्रत की ओर से राजभवन में प्रीतिभोज का आयोजन भी किया गया है।
वहीं, एक अन्य दिन शिमला के कुछ स्कूलों के बच्चों को उन्होंने मुलाकात के लिए अपने आवास रिट्रीट में आने का निमंत्रण दिया है। शहर के गणमान्य लोगों से मुलाकात को लेकर अभी कोई कार्यक्रम नहीं आया है।
सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री व मंत्रियों से मुलाकात के दौरान ही शहर के गणमान्य लोगों से मुलाकात का कार्यक्रम तय हो सकता है। हालांकि, राष्ट्रपति भवन दिल्ली से अंतिम कार्यक्रम सूची आने के बाद उसे आगे भेजा जाएगा। वहीं, राजभवन भी राष्ट्रपति के कार्यक्रम व उनके दौरे को लेकर सुरक्षा व अन्य तैयारियों की समय समय पर समीक्षा कर रहा है।
आईजीएमसी में रिजर्व किए दो स्पेशल वार्ड
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के प्रस्तावित दौरे को लेकर स्वास्थ्य महकमे नेसभी तैयारियां पूरी कर ली है। आईजीएमसी में दोवीवीआईपी स्पेशल वार्ड के कमरा नंबर 633 और 634 को रिजर्व किया गया है। जबकि दो आईसीयू भी रिजर्व किए है। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जनक राज ने बताया कि यह सब 20 मई से शुरू होगा।
वहीं जोनल अस्पताल डीडीयू व आईजीएमसी में राष्ट्रपति के ब्लड ग्रुप ‘बी’ पॉजिटिव और उनकी पत्नी का ब्लड ग्रुप ‘ए’ नेगेटिव को भी रिजर्व किया है। डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की भी एक टीम बना दी गई है। यह टीम दौरे तक इन्हीं के साथ रहेगी।
राष्ट्रपति 24 मई तक रिट्रीट भवन में रहेंगे। ऐसे में आपातकालीन स्थिति से निपटने को लेकर डीडीयू ब्लड बैंक को दो दो लाइव डोनर रखने के निर्देश आला अधिकारियों की ओर से आ गए है।
इस बार रोकेंगे नहीं, स्वागत होगा
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 20 से 24 मई को प्रदेश दौरे पर आ रहे हैं। बीते साल जब वे बिहार के राज्यपाल थे तो शिमला आए थे। वे हिमाचल राजभवन के मेहमान थे और मशोबरा में राष्ट्रपति निवास रिट्रीट को भीतर से देखना चाहते थे।
वे रिट्रीट के गेट पर खड़े रहे, लेकिन उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। इस बार कोविंद बतौर राष्ट्रपति आ रहे हैं। अब रोकने के बजाय रिट्रीट उनका स्वागत करेगा।