Shimla News: शिमला के चार दिवसीय प्रवास के बाद दिल्ली लौटीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू और प्रशासनिक, पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के चार दिवसीय प्रवास के उपरांत शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिल्ली लौटीं। मशोबरा स्थित कल्याणी हेलीपैड में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने उन्हें गरिमापूर्ण विदाई दी। प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू और प्रशासनिक, पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। आम जनता और सैलानियों के लिए 23 अप्रैल से शिमला में पहली बार राष्ट्रपति निवास के दरवाजे खुलेंगे।
अपने शिमला प्रवास के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अधिकारिक रूप से इस ऐतिहासिक धरोहर को आम जनता के लिए खोलने की घोषणा की है। राष्ट्रपति निवास नई दिल्ली और हैदराबाद के बाद अब शिमला के भवन का भी लोग दीदार कर सकेंगे। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक निर्धारित प्रवेश शुल्क पर यहां भ्रमण कर सकेंगे। भारतीय नागरिकों के लिए 50 रुपये प्रति व्यक्ति और विदेशी नागरिकों के लिए 250 रुपये प्रति व्यक्ति प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। राष्ट्रपति निवास सोमवार, राजपत्रित अवकाश एवं राष्ट्रपति के आगमन के दौरान आम जनता के लिए बंद रहेगा।
सभी सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए 30 जून 2023 तक प्रवेश निशुल्क रखा गया है। इस ऐतिहासिक भवन में राष्ट्रपति के जीवन से जुड़ी विभिन्न स्मृतियां, डाइनिंग हॉल और अन्य कलाकृतियां मुख्य आकर्षण का केंद्र हैं। हरियाली से भरपूर यहां के बागीचे, ट्यूलिप गार्डन और अन्य सजावटी फूल इसकी सुंदरता में और अधिक वृद्धि करते हैं। राष्ट्रपति निवास स्थित नेचर ट्रेल एवं बगीचों को भी पर्यटकों और आगंतुकों के लिए खुला रखा जाएगा। राष्ट्रपति निवास में पर्यटकों की सुविधा के लिए क्लॉक रूम, दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए रैंप, कैफे, स्मारिका कक्ष, विश्राम स्थल, गाइड सहित प्राथमिक उपचार सुविधा भी दी जाएगी।
वेबसाइट पर करवानी होगी बुकिंग
राष्ट्रपति निवास के भ्रमण के लिए राष्ट्रपति भवन की आधिकारिक वेबसाइट https://visit.rashtrapatibhavan.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग करवानी होगी।
जी-20 बैठक के लिए आए विदेशी प्रतिनिधि दिल्ली लौटे
उधर, जी-20 बैठक के लिए धर्मशाला आए विदेशी मेहमान शुक्रवार को गगल स्थित कांगड़ा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। धर्मशाला के होटल रेडिसन ब्लू में जी-20 की बैठक में हिस्सा लेने के लिए विभिन्न देशों के 20 प्रतिनिधि धर्मशाला पहुंचे थे।
पहले दिन बुधवार को धर्मशाला में ऊर्जा परिवर्तन के लिए ईको-इनोवेशन पर जी-20 रिसर्च इनोवेशन एंड इनिशिएटिव गैदरिंग (आरआईआईजी) सम्मेलन के दौरान अगले 10 वर्षों में होने वाले तकनीकी नवाचारों को साझा करने पर भी सहमति व्यक्त की, जो जैव-ईंधन की ओर बढ़ने में सहायक होगी।
सभी प्रतिनिधियों ने स्मार्ट एनर्जी ट्रांसफार्मेशन पर दुनिया भर के विशेषज्ञों ने विस्तृत चर्चा की। जलवायु परिवर्तन से निपटने को हाइड्रोजन-इथेनॉल जैसे स्रोत अपनाने का संकल्प लिया। दूसरे दिन वीरवार को विदेशी मेहमानों ने धर्मशाला का भ्रमण कर यहां के प्राकृतिक नजारों का दीदार किया।
भ्रमण के दौरान उन्होंने नरघोटा स्थित चाय बगान में पत्तियां तोड़ने का अनुभव लिया। कांगड़ा कला संग्रहालय का दौरा कर हिमाचली कला-संस्कृति और शिल्प कला से रूबरू होने के साथ लाइव कांगड़ा पेंटिंग पर हाथ आजमाए।