Shimla: सेतु भारतम परियोजना के तहत 300 करोड़ से बनेंगे हिमाचल में क्षतिग्रस्त हुए पुल, गडकरी ने दिया आश्वासन
गुरुवार को नई दिल्ली में सांसद प्रतिभा सिंह और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के साथ हुई मुलाकात में गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार इस आपदा से निपटने के लिए प्रदेश की हरसंभव मदद करेगी।
विस्तार
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने प्रदेश में क्षतिग्रस्त हुए पुलों को सेतु भारतम परियोजना के तहत 300 करोड़ रुपये की राशि से बनवाने का आश्वासन दिया है। गुरुवार को नई दिल्ली में सांसद प्रतिभा सिंह और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के साथ हुई मुलाकात में गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार इस आपदा से निपटने के लिए प्रदेश की हरसंभव मदद करेगी। केंद्रीय आपदा टीम प्रदेश का दौरा कर रही है, उनकी रिपोर्ट आने के बाद सड़कों, पुलों व सरकारी भवनों के पुनर्निर्माण के लिए उनका विभाग हरसंभव मदद देगा। केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर ब्लैक स्पॉट की पहचान कर समस्या का स्थायी समाधान करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने राज्य के पुलों की बहाली व मरम्मत के लिए धन उपलब्ध करवाने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए ताकि राज्य लोक निर्माण विभाग की सड़कों को वैकल्पिक सड़कों के रूप में राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ा जा सके।
केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के दौरान लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेश में हुए सड़कों, पुलों व भवनों के नुकसान की जानकारी देते हुए इनके पुनर्निर्माण के लिए उदारता से धन उपलब्ध करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पहले ही वित्तीय संकट से गुजर रही है। अब इस प्राकृतिक आपदा ने प्रदेश पर एक बहुत बड़ा अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ गया है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मंडी-मनाली फोरलेन मार्ग के साथ लगते ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले अनेक पुल या तो टूट गए है या क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। उन्होंने गडकरी से आग्रह किया कि इन पुलों को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से बनाया जाए। उन्होंने पंडोह, भुंतर, कुल्लू, रायसन, कटराईं और मनाली क्षेत्र के पुलों के अलावा मनाली-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग, नालागढ़ पुल और प्रदेश लोक निर्माण विभाग के अन्य पुलों और सड़कों की शीघ्र बहाली और मरम्मत करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यातायात को सुचारू करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने वाली सड़कों, पुलों तथा चक्की-पठानकोट पुल को तत्काल बहाल करने और मरम्मत की आवश्यकता है।
हिमाचल में सड़कें ही हैं लोगों की जीवन रेखा : प्रतिभा
केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र होने के नाते हिमाचल में सड़कें ही लोगों की जीवन रेखा है। नितिन गडकरी को दिए एक ज्ञापन में मंडी संसदीय क्षेत्र में हुए भारी नुकसान का विस्तृत विवरण देते हुए कहा है कि किरतपुर-मनाली फोरलेन प्रोजेक्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। यह सड़क न केवल जनमानस के लिए ही उपयोगी है बल्कि सेना की आवाजाही व देश के सीमावर्ती क्षेत्रों लेह-लद्दाख को भी जोड़ती है।
इन सड़कों का मामला उठाया
प्रतिभा सिंह ने टिक्कर-जड़ोल-गाहन-ननखड़ी-खमाड़ी सड़क के अपग्रेडेशन का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इसकी 108.33 करोड़ की डीपीआर उनके मंत्रालय को पहले ही भेजी जा चुकी हैं। साथ ही चैलचौक-गोहर-पंडोह सड़क और नेरचौक-रत्ती-कलखर सड़क के सुधार व अपग्रेडेशन का भी आग्रह किया।