अटल टनल में गाड़ी ओवरटेक करने की कोशिश पर पर्यटक को बनाया मुर्गा, लात-घूंसों से पिटाई
देश-विदेश के सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी अटल टनल रोहतांग में गाड़ी ओवरटेक करने की कोशिश पर एक पर्यटक की पुलिस और बीआरओ के स्टाफ ने बुरी तरह पिटाई कर दी है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिस पर ‘पुलिस की गुंडागर्दी’ कमेंट कर लोग खूब किरकिरी कर रहे हैं। एसपी गौरव सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। इसमें एक कांस्टेबल और अन्य बीआरओ का स्टाफ है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस और बीआरओ के जवान डंडा लेकर खड़े हैं। एक शख्स मुर्गा बना हुआ है। इसके बाद यह शख्स रो-रोकर अपनी गलती मान रहा है लेकिन इस बीच एक जवान उसे लात से मारता है। इसके बाद एक ओर बिना वर्दी का बीआरओ जवान आता है, जिसने पीठ पर बैग भी डाला है। वह भी पर्यटक पर टूट पड़ता है। घटना के समय बाकी गाड़ियों में भी पर्यटक थे, जो यह सब देख रहे थे। बताया जा रहा है कि यह वीडियो शनिवार का है, जब लाहौल में फंसे हुए पर्यटक वाहनों को अटल टनल से कुल्लू की तरफ भेजा गया था।
An investigation has been initiated on the basis of a viral video which shows a Police constable & Border Roads Organisation (BRO) personnel thrashing a man who had allegedly tried to create chaos inside Rohtang's Atal Tunnel: SP Kullu Gaurav Singh. #HimachalPradesh
— ANI (@ANI) January 3, 2021
तबीयत बिगड़ने से पश्चिम बंगाल के पर्यटक की मौत
मनाली में पश्चिम बंगाल के एक पर्यटक की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान अरविंद रॉय (26) पुत्र अनिल चंद्र रॉय निवासी डार्टा मुंडलघाट, डाकघर कोतवाली, जिला जलपाईगुड़ी के रूप में हुई है। मृतक के दोस्तों देवज्योति वर्धन, रीमा सरकार और ऋचा वर्मा ने पुलिस को बताया है कि वे 29 दिसंबर को मनाली आए थे। शनिवार को अटल टनल देखने गए और शाम को लौटे तो अरविंद को घबराहट और उल्टी हुई। वे उसे मिशन अस्पताल मनाली ले गए, जहां डॉक्टरों ने अरविंद को मृत घोषित कर दिया। एसपी गौरव सिंह ने कहा कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।