पीएम मोदी ने फोन पर सीएम जयराम से जाने हालात, हर संभव सहायता का दिया आश्वासन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से फोन पर हिमाचल में बारिश से हुए नुकसान की जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री से करीब पंद्रह मिनट तक बात की। सीएम ने प्रधानमंत्री को अवगत करवाया कि भारी बरसात के कारण प्रदेश को लगभग 1250 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।
प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल को केंद्र सरकार सेे हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है। इसके लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। सीएम ने सेना के तीन हेलीकॉप्टरों के लिए भी प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
प्रदेश में 220.29 करोड़ की सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान
अतिरिक्त मुख्य सचिव राजस्व और आपदा प्रबंधन मनीषा नंदा ने आज यहां कहा कि पिछले तीन दिन में हुई भारी बारिश के चलते प्रदेश में 220.29 करोड़ रुपए की सार्वजनिक संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। बारिश की वजह से विभिन्न विभागों को हुए नुकसान की पूरी रिपोर्ट अभी तैयार की जा रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन की खुद निगरानी कर रही अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि बुधवार को प्रशासन ने लाहौल घाटी में फंसे लोगों को निकालने के लिए दो रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए, जिनमें 368 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। ये बचाव अभियान लाहौल घाटी के जिंगजिंग बार और बारालाचा में सुबह 7 बजे शुरू हुआ।
सुरक्षित निकाले गए 356 लोगों को रोहतांग सुरंग के रास्ते लाया गया जबकि कुछ विदेशी नागरिकों सहित 31 लोगों को एयरलिफ्ट किया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा करीब 900 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
अभी भी कुछ लोग लाहौल घाटी में फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने के लिए गुरुवार को प्रशासन दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाएगा। ये अभियान आने वाले दिनों में तब तक जारी रहेगा, जब तक कि सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक नहीं पहुंचाया जाता।