बाल कटवाने और खरीदारी करने यहां पहुंचे दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाड़ी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने गुरुवार को अभ्यास करने की बजाय पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज का रुख किया। दोपहर लगभग 12 बजे अफ्रीकी टीम होटल द पवेलियन से मैक्लोडगंज पहुंची।
उसके बाद टीम के कई सदस्यों ने मैक्लोडगंज में बाल कटवाए तो कइयों ने खरीदारी की। अफ्रीकी खिलाड़ियों के मैक्लोडगंज की सड़क पर उतरने के बाद पर्यटकों और स्थानीय लोगों में क्रिकेटरों के साथ सेल्फी लेने की होड़ लग गई। डेविड मिलर सहित अन्य खिलाड़ियों ने रेस्टोरेंट में बैठकर व्यंजन भी खाए।
दो दिन सायं के सत्र में अभ्यास करने के बाद वीरवार को दक्षिण अफ्रीका की टीम ने आराम फरमाया। टीम के 12 सदस्य मैक्लोडगंज में घूमने पहुंचे। अफ्रीकी टीम के कप्तान क्विंटन डीकॉक सहित कई खिलाड़ी होटल द पवेलियन में ही रहे।
इस दिन धर्मशाला पहुंचेगी टीम इंडिया
दक्षिण अफ्रीका के साथ 15 सितंबर को एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में होने वाले टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले के लिए टीम इंडिया शुक्रवार को दोपहर बाद गगल एयरपोर्ट पहुंचेगी। वहां से टीम होटल द पवेलियन जाएगी। टीम इंडिया दोपहर बाद तीन बजकर 50 मिनट पर गगल उतरेगी।
आज सायं के सत्र में अभ्यास करेंगे मेहमान
दक्षिण अफ्रीका की टीम शुक्रवार को सायं के सत्र में दो से पांच बजे तक अभ्यास करने स्टेडियम में आएगी। मैच से एक दिन पूर्व शनिवार को टीम इंडिया सायं के सत्र में दो से पांच बजे तक और मेहमान टीम सुबह नौ से 12 बजे तक तीन घंटे अभ्यास करेगी।