Kangra: योजना आयोग के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया ने किया पुलिस थाना रैहन का लोकार्पण
हिमाचल प्रदेश योजना आयोग के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया की ओर से बुधवार को पुलिस थाना रैहन का लोकार्पण किया गया।
विस्तार
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश योजना आयोग के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया की ओर से बुधवार को पुलिस थाना रैहन का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नूरपुर जिला पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न ने की । जबकि कार्यक्रम में विधायक एवं प्रदेश वित्त आयोग के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की । अपने संबोधन में भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि रैहन में पुलिस थाना खुलने से क्षेत्र में बढ़ रहे क्राइम और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस थाना खुलने से क्षेत्र के लोगों को यहां अपने काम के लिए नूरपुर के चक्कर काटने से छुटकारा मिलेगा। वहीं उन्हें थाना स्तर की सभी सुविधाएं अब यहीं पर उपलब्ध होंगी।
उन्होंने क्षेत्र में पनपते क्राइम को लेकर लोगों से पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने पुलिस चौकी को थाना में पदोन्नत करने के लिए एसपी नूरपुर के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि रैहन में इंडोर स्टेडियम तथा लाइब्रेरी के लिए ड्राइंग स्वीकृत हैं और अगले तीन महीने में इनके कार्य को आरंभ कर दिया जाएगा । इससे पूर्व एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और उन्हें टोपी व शॉल भेंट कर सम्मानित किया । उल्लेखनीय है कि पुलिस चौकी रैहन वर्ष 1991 में अस्थायी तौर पर स्थापित की गई थी और क्षेत्र में बढ़ रहे अपराध के मद्देनजर क्षेत्रवासियों की इसे पुलिस थाना में स्तरोन्नत करने की लगातार मांग रही।
लोगों की मांग के मद्देनजर जयराम सरकार की ओर से चुनावों के दौरान रैहन चौकी को पुलिस थाना बनाने की घोषणा की गई थी। लेकिन इसकी कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की हुई थी । मौजूदा सरकार और स्थानीय विधायक एवं प्रदेश योजना आयोग के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया के प्रयासों से अब पुलिस चौकी रैहन को पुलिस थाना में स्तरोन्नत करने की आधिकारिक अधिसूचना जारी करवाई। बुधवार को इसे नूरपुर जिला पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में बतौर पुलिस थाना का लोकार्पण किया गया । समारोह कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी वर्मा, एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती, डीएसपी नूरपुर विशाल वर्मा, डीएसपी ज्वाली सहित अन्य विभागीय अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल रहे ।