मटर से लदी पिकअप खाई में गिरी, चार लोगों की मौत
हिमाचल के ठियोग में एक और हादसा हो गया है। यहां बजरोली पुल के पास बीते शनिवार को एचआरटीसी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 11 यात्रियों की मौत का जख्म अभी ताजा ही था कि मंगलवार को एक और सड़क हादसा हो गया।
छैला की ओर से मटर लेकर ठियोग जा रही पिकअप (एचपी 62सी 0697) जैस पंचायत के पास सड़क पर क्रैश बैरियर और पैरापिट न होने से करीब दो हजार फीट गहरी खाई में जा गिरी। पिकअप में सवार चार लोगों की इस हादसे में मौत हो गई।
मरने वालों में पिकअप का मालिक एवं ड्राइवर विशवेंद्र (28), गांव कुठारा तहसील रोहड़ू शामिल है जबकि दो नेपाली मूल और एक अन्य मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
एक घायल ने रास्ते में तोड़ा दम
डीएसपी ठियोग रतन सिंह नेगी ने बताया कि मंगलवार सुबह 10:00 बजे बस ड्राइवर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय युवकों के साथ मिलकर ढांक से नीचे उतरकर शवों को बाहर निकाला।
एक व्यक्ति को गंभीर हालात में ठियोग अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसे आईजीएमसी रेफर किया लेकिन घायल ने रास्ते में दम तोड़ दिया। नेगी ने बताया कि मृतकों की पहचान होने के बाद उनके परिजनों को शव सौंप दिए जाएंगे।
सड़कों की खुली पोल
सरकार और प्रशासन के सड़कों की मरम्मत के दावों की पोल खुल गई है। खतरनाक सड़कों पर न तो क्रैश बैरियर हैं और न ही पैरापिट। दुर्घटना वाली जगह पैरापिट होता तो शायद यह हादसा न होता।
शवगृह से बाहर रखनी पड़ीं डेड बॉडी
सिविल अस्पताल ठियोग की हालत ठीक नहीं है। पिकअप हादसे के मृतकों को यहां शव गृह में रखने की जगह तक नहीं मिली। एक शव को शवगृह में रखा गया जबकि दो शव दरवाजे के बाहर रखने पड़े।