पीजीटी भर्ती अधिसूचना में होगा संशोधन, हिमाचली अभ्यर्थियों को मिलेगी प्राथमिकता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिक्षा विभाग में प्रस्तावित पीजीटी भर्ती के लिए बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों को पात्र बनाने के विरोध के बीच शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भर्ती की अधिसूचना में संशोधन किया जाएगा और हिमाचली अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। जरूरत पड़ी तो इस मामले को कैबिनेट में भी लाया जाएगा।
हमीरपुर में राज्य स्तरीय बैंड प्रतियोगिता के समापन समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत में भारद्वाज ने कहा कि लोक सेवा आयोग ने पीजीटी भर्ती में शायद कुछ संशोधनों को ध्यान में नहीं रखा है। भर्ती को लेकर आयोग ने गलत व्याख्या कर दी है। सरकार ने पिछले दो वर्षों में कोई बदलाव नहीं किया है।
जो नियम 2017 से चले आ रहे हैं, उसके अनुसार उनको भर्ती करनी है, लेकिन पहले इंटरव्यू भी होता था। अब केवल लिखित परीक्षा है। इसलिए थोड़ी सी समस्या उत्पन्न हो रही है। कांग्रेस के समय में जो नियम बने थे, उनको सरकार ने बदल दिया था। अब दो परीक्षा पास करना अनिवार्य है। शायद इस ओर लोक सेवा आयोग ने ध्यान नहीं दिया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इसमें संशोधन किया जाएगा।
प्रतियोगिता में अध्यापक ने पीटा छात्र
बाल स्कूल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय बैंड प्रतियोगिता में एक शिक्षक ने छोटी सी गलती के लिए सरेआम एक छात्र को तीन-चार थप्पड़ जड़ दिए। हालांकि, अध्यापक उस छात्र की टीम के साथ ही आया था, लेकिन छात्र की गलती महज इतनी थी कि उसकी वर्दी की बेल्ट कहीं गुम हो गई थी।
इस वजह से वहां बैंड पार्टी में बिना बेल्ट के ही शामिल हो गया। छात्र अपनी टीम के साथ अभ्यास कर रहा था। इसी दौरान शिक्षक ने जब बिना बेल्ट के छात्र को देखा तो वह आग बबूला हो गया और थप्पड़ रसीद कर दिए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यदि इस तरह की घटना सामने आई है तो इसकी जांच की जाएगी। उन्होंने उच्च शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर को जांच के आदेश जारी किए हैं।
बैंड प्रतियोगिता में महावीर स्कूल मंडी और पोर्टमोर शिमला प्रथम
समग्र शिक्षा के तहत राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर के मैदान में राज्य स्तरीय बैंड प्रतियोगिता का समापन रविवार को हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान के बैनर तले किया गया। समापन समारोह में शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेता और उप विजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
2 वर्ष पूर्व ही इस प्रतियोगिता का आयोजन शुरू हुआ है। प्रतियोगिता के तहत बच्चों को अपने गीत संगीत के हुनर को बैंड के माध्यम से प्रस्तुत करने का मंच मिलता है। प्रतियोगिता के छात्र वर्ग में जिला मंडी का महावीर पब्लिक स्कूल प्रथम, जिला सोलन का गुरु नानक पब्लिक स्कूल द्वितीय और हमीरपुर जिला का लोहरली स्कूल तृतीय स्थान पर रहा।
वहीं, छात्रा वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पोर्टमोर शिमला प्रथम, जिला कांगड़ा का बर्ड पब्लिक स्कूल इंदौरा द्वितीय और मंडी जिला का महावीर पब्लिक स्कूल तृतीय स्थान पर रहा। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि यह योजना बच्चों को एक मंच प्रदान करने के लिए शुरू की गई है। जिससे बच्चों को गीत-संगीत में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका और मंच उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों के साथ ही आयोजकों को भी शानदार आयोजन के लिए बधाई दी है।