भतीजी के घर सोया व्यक्ति कमरे में आग लगने से जिंदा जला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के चंबा जिले के खबारा गांव में अपनी भतीजी के घर सोये व्यक्ति की कमरे में आग लगने से जिंदा जलकर मौत हो गई है। मृतक की पहचान जय सिंह पुत्र ध्याना निवासी गांव खुंदेल डाकघर मैहला के रूप में हुई है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं लग पाया है। पुलिस ने आग लगने के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक खुंदेल गांव का जय सिंह वीरवार को खबारा गांव में अपनी भतीजी के घर में रहने के लिए गया था। देर रात जय सिंह के कमरे से आग की लपटें और धुआं उठने लगा। इसे देख परिवार के अन्य सदस्य घर से बाहर निकल आए।
परिवार के सदस्यों ने पानी फेंककर कमरे में लगी आग को बुझाया और कमरे में सोये जय सिंह के पास पहुंचे। लेकिन, तब तक उसकी जलने की वजह से मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना ग्रामीणों ने चंबा थाने में दी।
इसके बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। साथ ही घटनास्थल पर मौजूद परिवार के सदस्यों के बयान भी कलमबद्ध किए। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा इसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
आग लगने के कारणों को लेकर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले को सीआरपीसी की धारा 174 के तहत दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि कमरे में जलने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों को दी 10 हजार की फौरी राहत
एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि खबारा गांव में मकान के भीतर जले व्यक्ति के परिजनों को प्रशासन की ओर से पटवारी के माध्यम से दस हजार की फौरी राहत प्रदान करवा दी गई है।
आग की चपेट में आने से 21 वर्षीय ऊना के युवक की मौत
ऊपरी शिमला के उपमंडल ठियोग के साथ लगती लाफु घाटी में घास में लगी आग की चपेट में आने से ऊना निवासी 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। यह युवक अपने दोस्तों के साथ यहां वेल्डिंग का काम करता था। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर के समय लाफु घाटी में उगी घास में अचानक आग लग गई। तेज हवा के साथ आग कई किलोमीटर के क्षेत्र में फैल गई। बताया जा रहा कि युवक घाटी के साथ लगते मकान में दो दोस्तों के साथ वेल्डिंग का काम कर रहा था।
इस दौरान वह तेज हवा से उठी आग की लपटों की चपेट में आ गया और बुरी तरह से झुलस गया। स्थानीय लोगों ने गंभीर हालात में उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, इलाज के दौरान युवक ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने इसकी पुष्टि की है। युवक की पहचान जपन (21) पुत्र इंद्रजीत सिंह तहसील हरोली जिला ऊना के रूप में हुई है। पुलिस ने युवक के परिजनों को इसकी सूचना दे दी है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा