{"_id":"6a7349a62303b6058b09d022","slug":"people-at-ddu-struggle-to-find-parking-while-waiting-for-leaders-to-arrive-for-the-inauguration-shimla-news-c-19-sml1002-765102-2026-08-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Shimla News: उद्घाटन के लिए नेताओं का इंतजार डीडीयू में पार्किंग को भटक रहे लोग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Shimla News: उद्घाटन के लिए नेताओं का इंतजार डीडीयू में पार्किंग को भटक रहे लोग
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर के लोकल बस अड्डे में बने व्यावसायिक परिसर भवन और पार्किंग का तीन माह बाद भी नहीं हुआ लोकार्पण
लोग मजबूरी में नो पार्किंग जोन में खड़े कर रहे वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। स्मार्ट सिटी के तहत सात करोड़ रुपये से अधिक के बजट से लोकल बस अड्डे में व्यावसायिक परिसर और पार्किंग फ्लोर बनकर तैयार है, लेकिन इसका लोकार्पण नहीं हो पाया है। लोगों ने कहा कि नेताओं से उद्घाटन करवाने के इंतजार में उन्हें परेशान किया जा रहा है।
तीन माह पहले भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन नगर निगम प्रशासन अब तक इसका लोकार्पण नहीं करवा पाया है। दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल आने वाले मरीजों, तीमारदारों और बाजार में काम से आने वाले लोगों को राहत देने के लिए इस परिसर के टॉप फ्लोर पर 30 से 35 वाहनों की क्षमता वाली टैरेस पार्किंग बनाई गई है। यह पार्किंग खाली पड़ी है और इसका आम लोगों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में अस्पताल और अन्य जरूरी कामों से आने वाले लोगों और कारोबारियों के वाहन कार्ट रोड पर मुख्य सड़क किनारे नो पार्किंग जोन में खड़े होने लगे हैं। इससे बस ठहराव के लिए बनाए गए नो पार्किंग जोन में कारों और दोपहिया वाहनों की वजह से जगह कम पड़ रही है। इसके चलते सवारियों को उतरने और पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम प्रशासन ने 22 मई को व्यावसायिक परिसर और पार्किंग का लोकार्पण किए जाने की बात कही थी लेकिन यह अब तक नहीं हो पाया है। भवन का लोकार्पण मुख्यमंत्री के हाथों करवाने की तैयारी है, लेकिन मुख्यमंत्री से समय कब मिलेगा और जनता को यह पार्किंग सुविधा कब उपलब्ध होगी, इसकी कोई तय समय सीमा नहीं है।
विज्ञापन
डीडीयू आने वाले मरीजों को मिलेगी राहत
व्यावसायिक परिसर की पार्किंग शुरू होने से सबसे अधिक राहत दीनदयाल उपाध्याय क्षेत्रीय अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को मिलेगी। डीडीयू परिसर में निजी वाहनों की पार्किंग की अनुमति नहीं होने से मरीजों और तीमारदारों को वाहन खड़े करने के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
विज्ञापन
जल्द कवाया जाएगा लोकार्पण
नगर निगम का स्मार्ट सिटी के तहत व्यावसायिक परिसर एवं पार्किंग परियोजना का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। जल्द ही मुख्यातिथि और लोकार्पण की तिथि पर फैसला लेकर इसे आम जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
-सुरेंद्र चौहान, महापौर, नगर निगम शिमला