धर्मशाला: नरवाना में पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री वर्ल्ड कप शुरू, हवा में करतब दिखाएंगे 13 देशों के प्रतिभागी
पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी प्री वर्ल्ड कप का आयोजन 16 से 20 नवंबर तक होगा। इसके लिए भारत समेत 13 देशों के 107 प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नरवाना में शनिवार को धौलाधार पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी कप इंडिया-2024 का आगाज हुआ। इसमें भारत सहित 13 देशों के 107 पैराग्लाइडर पायलट भाग ले रहे हैं। इनमें दो महिला पायलट भी शामिल हैं। इसके अलावा आर्मी और एयरफोर्स की टीमें भी हिस्सा लेने पहुंची हैं। नरवाना टेकऑफ साइट पर हवन और विधि विधान से पूजा अर्चना के साथ इवेंट शुरू हुआ। पहले दिन प्रतिभागी पायलटों ने अभ्यास के साथ प्रतियोगिता के लिए अपना पंजीकरण भी सुनिश्चित किया। एक्यूरेसी कप का आयोजन एडवेंचर स्पोटर्स फेडरेशन ऑफ हिमाचल प्रदेश (एएसएफ) और नरवाना एडवेंचर क्लब (नरवाना पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन) की ओर से करवाया जा रहा है। पहले दिन अलग-अलग देशों से पहुंचे पायलटों ने अपने अनुभव भी एक-दूसरे के साझा किए। कई पायलट ऐसे हैं, जो दूसरी मर्तबा एक्यूरेसी कप में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।
शुभारंभ पर कार्यक्रम के निदेशक रोहित अग्रवाल ने कहा कि एक्यूरेसी के लिए नरवाना साइट अच्छी है। लैंडिंग से टेकऑफ टाइम 15 मिनट है और फ्लाइंग टाइम पांच मिनट है। अगले वर्ष प्री-वर्ल्ड कप के लिए तैयारी कर दी है। एक्यूरेसी लैंडिंग के लिए अच्छी साइट है। सुविधाओं में इजाफा धीरे-धीरे होता आ रहा है। लैंडिंग साइट भी नई बन रही है। एयरो क्लब आफ इंडिया के कमीश्नर ऑफ पैराग्लाइडिंग विजय सोनी ने कहा कि नरवाना साइट को इंटरनेशनल इवेंट के लिए विकसित करना चाहिए। वर्ल्ड कप क्लास वन कंपीटिशिन होता है, इसके लिए टॉप क्लॉस साइट, टेकआफ और लैंडिंग जरूरी है, उस पर काम करना चाहिए। सरकार काम कर रही है, एयरो क्लब आफ इंडिया भी सहयोग कर रहा है।
एक्यूरेसी कप में भाग लेने नरवाना पहुंची अलिशा
प्रतियोगिता में पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी वर्ल्ड कप में उड़ान भरने वाली देश की पहली महिला पैराग्लाइडर अलीशा कटाेच भी पहुंची हैं। हिमाचल के बीड़ से संबंध रखने वाली अलीशा अभी तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं। अमेरिका निवासी जीन भी प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं। जीन वर्ष 2017 में हिमाचल आई थी और इसके बाद से वह बीड़ में ही रह रही हैं। जीन ने वर्ष 2019 से पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण लेना शुरू किया था। अलीशा ने बताया कि पैराग्लाइडिंग के क्षेत्र में उन्होंने वर्ष 2019 से शुरुआत की थी। वर्ष 2021 में पूर्ण रूप से वे पैराग्लाइडिंग गतिविधियों में शामिल हो गईं। वर्ष 2023 में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिताओं में भाग लिया। अब तक वह प्रतियोगिताओं में पांच पदक जीत चुकी हैं। अलीशा डेढ़ साल से महाराष्ट्र के पैराग्लाइडिंग स्कूल में एक्यूरेसी की प्रतिभा का प्रशिक्षण ले रही हैं। कजाकिस्तान में पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए हाल ही में अलीशा ने 3 मेडल अपने नाम किए थे।
प्रतियोगिता में बढ़ रही स्पर्धा, अपना देंगे बेस्ट : अमन
नरवाना में पिछले वर्ष हुई पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी कप के विजेता रहे नेपाल के अमन थापा भी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में स्पर्धा बढ़ रही है। भारत के पायलट खुद को बेहतर बना रहे हैं और विदेशी पायलट भी बेहतरीन हैं। प्रतियोगिता में पहली बार कजाकिस्तान की टीम के साथ मुकाबला होगा और वह अपना बेहतर देंगे। भारत में पैराग्लाइडिंग के लिए बेहतर विकल्प हैं, लेकिन नेपाल में ऐसा नहीं है।