Kangra News: सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी, पुलिस में शिकायत दर्ज
मुख्यमंत्री के खिलाफ एक व्यक्ति की ओर से अपनी फेसबुक आईडी पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में जसवां परागपुर विस क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याक्षी रहे सुरिंद्र मनकोटिया ने डीएसपी और एसएचओ देहरा को शिकायत पत्र भेजकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर पुलिस थाना देहरा में शिकायत दर्ज करवाई गई है। मुख्यमंत्री के खिलाफ एक व्यक्ति की ओर से अपनी फेसबुक आईडी पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में जसवां परागपुर विस क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याक्षी रहे सुरिंद्र मनकोटिया ने डीएसपी और एसएचओ देहरा को शिकायत पत्र भेजकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। मनकोटिया ने कहा कि अभद्र भाषा का प्रयोग कर मुख्यमंत्री के खिलाफ चरित्र हनन की कोशिश की गई है। उधर, डीएसपी देहरा विशाल शर्मा ने बताया कि पुलिस के पास जसवां परागपुर विस क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याक्षी रहे सुरिंद्र मनकोटिया का शिकायत पत्र आया है। पुलिस मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह और युवा कांग्रेस नेता का पोस्टर फाड़ा
उधर, युवा कांग्रेस नेता प्रदीप चौहान का मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह के साथ लगा बधाई पोस्टर फाड़ने की शिकायत पांवटा पुलिस थाने पहुंची है। इस मामले में युकां नेता प्रदीप चौहान ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। प्रदीप चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ शहर में जगह-जगह बधाई वाले बड़े पोस्टर लगवाए गए थे। कन्या स्कूल के समीप लगा पोस्टर किसी शरारती तत्व ने फाड़ दिया है। जबकि साथ लगे दूसरे राजनीतिक पार्टी के नेताओं के पोस्टरों को कोई क्षति नहीं पहुंचाई है। युकां नेता ने कहा कि कुछ शरारती तत्वों ने राजनीतिक प्रतिशोध के कारण ऐसा किया है। इसलिए मुख्यमंत्री के पोस्टर फाड़ने के मामले की जांच और इस बारे में उचित कार्रवाई होनी चाहिए। थाना प्रभारी पांवटा साहिब अशोक चौहान ने कहा कि प्रदीप चौहान ने मोबाइल फोन पर पोस्टर फाड़ने की सूचना दी है। उनको पांवटा थाना में लिखित शिकायत देने को कहा गया है।