तीन चरणों में शपथ लेंगे पंचायत प्रधान और उपप्रधान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में पंचायतों के नव निर्वाचित प्रधान और उपप्रधान तीन चरणों में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। राज्य सरकार ने इसका शेड्यूल तय कर दिया है। शपथ समारोह शिमला, मंडी और धर्मशाला में होंगे। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह खुद प्रधानों और उप प्रधानों को शपथ दिलाएंगे। शिमला में 13, मंडी में 15 और धर्मशाला डिविजन में 17 जनवरी को शपथ ग्रहण समारोह होगा।
शिमला में सोलन, शिमला, सिरमौर, काजा (उपमंडल), किन्नौर और धर्मशाला में कांगड़ा, चंबा, ऊना जबकि मंडी में लाहौल, कुल्लू, मंडी, हमीरपुर और बिलासपुर जिले के नव निर्वाचित प्रधान और उपप्रधान शपथ लेंगे। हिमाचल में दो चरणों का मतदान समाप्त हो चुका है। कांगड़ा जिले में तीसरे चरण का मतदान 10 और 12 जनवरी को होगा।
शपथ के बाद प्रशिक्षण लेंगे प्रधान
इसके चलते प्रदेश सरकार ने धर्मशाला में शपथ समारोह की तिथि 17 जनवरी निर्धारित की है। पंचायती राज विभाग के संयुक्त निदेशक केवल शर्मा ने बताया कि जो जनप्रतिनिधि तय तिथि पर किसी कारण शपथ नहीं ले सकेंगे, उन्हें संबंधित एसडीएम अपने दफ्तर में 23 जनवरी को शपथ दिलाएंगे।
23 जनवरी को ही पंचायतों में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों की पहली बैठक होगी, जिसमें वार्ड सदस्यों को प्रधान शपथ दिलाएंगे। शपथ समारोह के बाद नवनिर्वाचित प्रधानों को प्रदेश सरकार प्रशिक्षण देगी। इसमें प्रधानों को केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सरकार प्रशिक्षण का शेडयूल भी जल्द जारी करेगी।