होटलों के मेन्यू कार्ड में होगी अब खाने की न्यूट्रीशियन वैल्यू
हिमाचल में होटलों-रेस्तरां के मेन्यू कार्ड में अब खाने की न्यूट्रीशियन वैल्यू भी लिखी जाएगी। भोजन में शामिल पौष्टिक तत्वों से लोगों को अवगत कराने के लिए सरकार ने यह फैसला लिया है। हिमाचल ऐसी व्यवस्था लागू करने वाला देश का पहला राज्य बनने की तैयारी में है।
जल्द ही प्रदेश पर्यटन विकास निगम के 100 से अधिक होटलों-रेस्तरां के मेन्यू कार्ड में भोजन में शामिल पौष्टिक तत्वों की जानकारी मिलेगी। पहले चरण में सरकारी होटलों में इस बदलाव को किया जा रहा है। दूसरे चरण में निजी होटलों में भी इसे लागू किया जाएगा।
होटलों और रेस्तरां में जाते ही जायका सेहत पर भारी पड़ जाता है। अधिकांश लोग ऐसे भोजन को तरजीह देते हैं, जिसमें चटकारे लग सकें। पौष्टिक एवं स्वस्थ आहार का चयन करने की जानकारी न होने के चलते सेहत नजरअंदाज हो रही है। जानकारी के अभाव को दूर करने के लिए प्रदेश सरकार होटलों-रेस्तरां के फूड मेन्यू कार्ड में बदलाव करने जा रही है।
खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन निदेशालय इस बाबत पर्यटन निगम को पत्र जारी करेगा। यह व्यवस्था लागू होने पर होटलों एवं रेस्तरां में खाना ऑर्डर करने से पहले न्यूट्रीशियन वैल्यू की जानकारी भी मिल जाएगी। खाने में कितनी कैलोरी है, इसके बारे में आसानी से पता लग सकेगा।
निदेशक खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन डॉ. नरेश कुमार लट्ठ ने बताया कि लोगों को सेहत के प्रति जागरूक करने के लिए सरकार विभिन्न कदम उठा रही है। इसी कड़ी में फूड के मेन्यू कार्ड में न्यूट्रीशियन वेल्यू की जानकारी देने का फैसला लिया है।
यह मिलेगी जानकारी
होटलों-रेस्तरां में परोसे जा रहे भोजन के विभिन्न पदार्थों में कितना प्रोटीन, विटामिन, कार्बोहाईड्रेट, कैल्शियम, खनिज लवण, एंटी ऑक्सिडेंट्स, फाइबर, वसा आदि है, इसकी जानकारी मेन्यू कार्ड में फूड डिश के आगे लिखी जाएगी। किस तेल में खाना बना है, इसके बारे में भी बताया जाएगा।