राशन डिपो में अब एटीएम कार्ड से निकलवा सकेंगे कैश, शुरू हुई नई व्यवस्था
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब आपको पैसा निकालने के लिए बैंक या एटीएम के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नजदीकी राशन डिपो और खाद्य बिक्री केंद्र पर पॉस मशीन में एटीएम कार्ड स्वाइप कर सेल्समैन से कैश ले सकेंगे। प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में यह सुविधा अधिक फायदेमंद होगी, जहां पांच किलोमीटर के दायरे में बैंक सुविधा नहीं है। हिमाचल सरकार के अतिरिक्त मुख्य सचिव (वित्त) अनिल खाची ने राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक में बैंकों को इस नई व्यवस्था को शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
हिमाचल में आने वाले दिनों में घर के नजदीक ही बैंकिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाएं मिलेंगी। सभी लोगों को वित्तीय साक्षर बनाने के लिए सस्ते राशन की दुकानों और खाद बिक्री केंद्रों के माध्यम से बैंकों की सेवाएं दी जाएंगी। इन केंद्रों में स्वाइप मशीन से राशन और खाद्य की बिक्री तो होती ही है, लेकिन अब उपभोक्ता अपने एटीएम कार्ड से स्वाइप मशीन से पैसा भी निकाल सकेंगे।
यह प्रक्रिया पूरी तरह से सुरक्षित होगी। वर्तमान में प्रदेश के कई ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधा न होने के चलते अपना पैसा निकालने के लिए लोगों को कई किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। लोगों की इस समस्या को दूर करते हुए प्रदेश सरकार ने बैंकों को सस्ते राशन की दुकानों और खाद्य बिक्री केंद्रों में बैंकिंग सेवाएं शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
बैंक मित्र के पास होगा लेन-देन
बैंकों की ओर से तैनात बैंक मित्र (एजेंट) के पास जाकर भी उपभोक्ता पैसे का लेन-देन कर सकते हैं। पैसा जमा कराने की बाकायदा रसीद मिलेगी। आपके मोबाइल पर इसकी सूचना आएगी। अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त अनिल खाची ने प्रदेश की सभी 3243 पंचायतों में बैंक मित्रों के नेटवर्क के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में बैंक शाखा खोलना संभव नहीं है।
ऐसे में ज्यादा से ज्यादा बैंक मित्र बनाकर लोगों को स्थानीय स्तर पर ही बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने बैंक मित्रों के चयन और उन्हें दिए जाने वाले वेतन व कमीशन को लेकर सभी बैंकों को समान नीति बनाने के निर्देश दिए। वर्तमान में प्रदेश में 1879 बैंक मित्र कार्यरत हैं।