इस बार भी आईपीएल की चमक से दूर रहेगा सबसे खूबसूरत मैदान, ये है वजह
आईपीएल के 10 सत्र की चमक-धमक से इस बार भी धर्मशाला अछूता रहेगा। यह लगातार तीसरा वर्ष होगा, जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला किसी भी मैच की मेजबानी नहीं करेगा। इससे स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों से लेकर होटल और टूरिज्म व्यवसाय से जुडे़ लोग खासे निराश हैं।
हिमाचल की बेटी प्रीति जिंटा के स्वामित्व वाली पंजाब किंग्स इलेवन टीम ने धर्मशाला को लगातार 3 साल तक अपना होम ग्राउंड बनाया। वर्ष 2010 से 2013 तक हर साल धर्मशाला में आईपीएल के 2 से 3 मैच होते रहे।
इससे धर्मशाला में पर्यटन को काफी बढ़ावा मिला और स्थानीय व्यवसासियों से लेकर टूर एंड ट्रेवल और छोटे दुकानदारों तक को लाभ हुआ, लेकिन बीते 3 साल से यहां आईपीएल का एक भी मैच नहीं हुआ है। एचपीसीए सूत्र बताते हैं कि इसके पीछे राज्य सरकार का असहयोगपूर्ण रवैया जिम्मेदार है।
सिक्योरिटी फीस और एंटरटेनमेंट टेक्स के मुद्दे तथा अन्य प्रशासनिक समस्याओं से जूझने के बाद पंजाब किंग्स इलेवन ने महाराष्ट्र के पुणे को अपना होमग्राउंड बना लिया है।
सरकार और एचपीसीए के टकराव को देखते हुए अन्य क्रिकेट फ्रेंचाइजी यहां मैच के आयोजनों का जोखिम नहीं लेना चाहते हैं। क्रिकेट प्रेमी अक्षित बंटा, हनी, ममता, राहुल, सन्नी आदि ने कहा कि इस साल भी मैच न होना निराशाजनक है।
होटल व्यवसायी निराश, एचपीसीए ने बताई वजह
इस साल भी आईपीएल मैच न होने से धर्मशाला में होटल और पर्यटन उद्योग निराश हैं। होटल एसोसिएशन मैकलोडगंज के प्रधान अश्विनी बांबा कहते हैं कि धर्मशाला में आईपीएल मैचों से कम से कम एक महीने के लिए होटल उद्योग को बूस्टअप मिलता था, लेकिन अब लगातार 3 साल से आईपीएल मैच न होना पर्यटन उद्योग के लिए बड़ा धक्का है।
प्रदेश सरकार के असहयोगपूर्ण रवैये के चलते धर्मशाला में इस साल भी आईपीएल का एक भी मैच न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। अन्य राज्यों की सरकारें अपने राज्य में आईपीएल मैच करवाने के लिए कई प्रोत्साहन देती हैं, लेकिन प्रदेश सरकार के असहयोगपूर्ण रवैये से वर्तमान में धर्मशाला में कोई भी फ्रेंचाइजी अपने मैच नहीं चाहती। - मोहित सूद, एचपीसीए प्रवक्ता