Himachal: एनआईटी श्रीनगर के निदेशक प्रोफेसर ललित कुमार अवस्थी बने सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलपति
प्रोफेसर ललित कुमार अवस्थी हिमाचल प्रदेश के सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के कुलपति नियुक्त किए गए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान श्रीनगर, उत्तराखंड के निदेशक प्रोफेसर ललित कुमार अवस्थी हिमाचल प्रदेश के सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के कुलपति नियुक्त किए गए हैं। उनकी नियुक्त राज्य सरकार के परामर्श के बाद की गई है। इस संबंध में गुरुवार को राजभवन शिमला की ओर से नियुक्ति आदेश जारी किए गए। प्रोफेसर ललित कुमार अवस्थी की नियुक्ति सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में कुलपति का पदभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए की गई है। कुलपति की सेवा शर्तें राज्य सरकार की ओर से निर्धारित की जाएंगी। इस संबंध में राज्यपाल एवं सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति शिव प्रताप शुक्ल की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।
जानें कौन हैं प्रो. अवस्थी
करीब आठ माह के बाद सरदार पटेल विवि मंडी को नया वीसी मिला है। प्रो. अवस्थी जिला मंडी के सुंदरनगर पुराना बाजार के मूल निवासी हैं। उन्होंने एनआईटी जालंधर के निदेशक के रूप में पांच साल का कार्यकाल पूरा किया था। उनके पास एनआईटी दिल्ली (लगभग 4 महीने के लिए) और एनआईटी हमीरपुर का 14 अगस्त 2020 से 9 अक्तूबर 2021 तक अतिरिक्त प्रभार था। इसके बाद वह 3 फरवरी 2022 तक एनआईटी हमीरपुर में कार्यवाहक निदेशक रहे। प्रो. अवस्थी के पास गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अनुसंधान और अकादमिक प्रशासन और संस्थान निर्माण का एक प्रतिष्ठित ट्रैक रिकॉर्ड है। प्रो. अवस्थी ने अपनी पीएचडी आईआईटी रूड़की से (2003) और एमटेक आईआईटी दिल्ली से (1993) कंप्यूटर विज्ञान और इंजीनियरिंग दोनों में पूरी की। उनका शैक्षणिक करियर तीन दशकों से अधिक समय का है, जिससे आने वाले समय में एसपीयू केअधीन पढ़ने वाले छात्र व छात्राओं को बहुत लाभ मिलेगा।
एचपीयू को भी वीसी का इंतजार बरकरार
एसपीयू को नया कुलपति वीरवार को मिल गया है। एचपीयू को अभी तक नए कुलपति का इंतजार है। मंडी विवि के कुलपति के पद पर इंजीनियरिंग संस्थान के निदेशक का चयन किया गया है। कुलपति पद के लिए एचपीयू वरिष्ठ प्रोफेसर में किसी को भी तवज्जो नहीं मिली। अब एचपीयू के कुलपति के पद के लिए चल रही प्रक्रिया पर ही इन शिक्षक दावेदारों की उम्मीद बची है। विश्वविद्यालय को कब तक नया कुलपति मिल पाएगा, इस पर अभी संशय है। अक्तूबर में मंडी विवि के साथ ही एचपीयू कुलपति के पद के लिए यूजीसी के तय किए गए मानकों और सर्च कमेटी की लागू की गई शर्तों के अनुसार आवेदन आमंत्रित किए गए थे। 24 नवंबर की तय की गई अंतिम तिथि को बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दिया गया था। एचपीयू कुलपति पद के लिए 90 से अधिक आवेदन आए। सर्च कमेटी जरूर बनी, मगर कमेटी की कोई बैठक हुई हो, इसकी जानकारी बाहर नहीं आई।