शून्य डिग्री तापमान में नए साल का स्वागत, शिमला-मनाली में धमाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल की खूबसूरत वादियों और दिलकश मौसम में लोगों ने नए साल का इस्तकबाल किया। शिमला और मनाली में बड़ी तादाद में लोग नए साल को यादगार बनाने के लिए पहुंचे।
शिमला और मनाली के माल रोड पर शून्य से नीचे तापमान में लोगों ने देर रात तक जश्न मनाया। डीजे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों पर लोग जमकर नाचे। मनाली से लेकर शिमला तक नाटियों का दौर भी चला।
धर्मशाला-मैक्लोडगंज और डलहौजी समेत विभिन्न पर्यटन स्थलों पर सैलानियों ने खूब मस्ती की। न्यू ईयर ईव पर कई होटलों में मेहमानों के मनोरंजन के लिए खास इंतजाम के बीच विभिन्न स्पर्धाओं का भी आयोजन किया गया। मनाली, डलहौजी और धर्मशाला में न्यू ईयर क्वीन का चयन किया गया। पर्यटकों के लिए कई तरह के पकवान पेश किए गए।
मनाली के मालरोड पर 300 महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में एकसाथ कुल्लवी नाटी डाल पर्यटकों का खूब मनोरंजन किया। पर्यटन नगरी से सटे गुलाबा में लोगों ने दिन के समय बर्फ में अठखेलियां कर 2017 को अलविदा कहा।
बर्फबारी से हो सकता नए साल का आगाज
पर्यटन स्थलों में घंटों जाम में जूझने के बावजूद देर रात तक चले जश्न को लेकर जबरदस्त उत्साह रहा। मनाली में रात का पारा -0.6 डिग्री रहा। साल के आखिरी दिन प्रदेश के शक्तिपीठों पर भी बड़ी तादाद में लोग शीश नवाने पहुंचे। देर रात तक शक्तिपीठों के द्वार खुले रहे।
हिमाचल में नए साल का आगाज बर्फबारी से होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार नए साल के पहले दिन प्रदेश के उच्च पर्वतीय इलाकों में हिमपात हो सकता है।
हालांकि, मध्य पर्वतीय और मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। चार जनवरी को भी लाहौल, किन्नौर शिमला, कुल्लू, मंडी, चंबा और सोलन-सिरमौर के ऊंचे क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है।