{"_id":"5affd3bc4f1c1bcf408b660a","slug":"new-uniform-dress-code-for-himachal-govt-school-students","type":"story","status":"publish","title_hn":"अगस्त से स्मार्ट वर्दी में नजर आएंगे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अगस्त से स्मार्ट वर्दी में नजर आएंगे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
Updated Sat, 19 May 2018 01:06 PM IST
विज्ञापन
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 8.55 लाख विद्यार्थी अगस्त से स्मार्ट वर्दी में नजर आएंगे। सरकार ने सरकारी स्कूलों में नए रंग की वर्दी लागू करने के लिए ई-टेंडर आमंत्रित किए हैं। सरकार एक साथ तीन साल की वर्दी खरीदने जा रही है। पहली से जमा दो कक्षा तक के विद्यार्थियों को स्मार्ट वर्दी के दो-दो सेट मुफ्त दिए जाएंगे। पहली से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को सिलाई का पैसा भी मिलेगा।
विज्ञापन
राज्य खाद्य आपूर्ति निगम ने शुक्रवार को वर्दी की खरीद के लिए टेंडर आमंत्रित करने के आदेश जारी किए हैं। ई-टेंडर के माध्यम से कंपनियां आवेदन कर सकेंगी। आठ जून तक टेंडर लिए जाएंगे। 25 जून को टेंडर अवार्ड होगा। इसके बाद 45 से 120 दिनों के भीतर स्कूलों में वर्दी उपलब्ध करवाई जाएगी।
विज्ञापन
शुक्रवार को जारी टेंडर के माध्यम से सरकार ने एक साथ तीन साल 2018 से 2020 तक के लिए खरीद करने का फैसला लिया है। 2018-19 के लिए 8,54,900 सेट खरीदे जाएंगे। इसमें 4,26,192 लड़कों और 4,28,708 लड़कियों के लिए वर्दी खरीदी जाएगी।
विज्ञापन
छात्राओं की तीन रंग की चेकदार वर्दी होगी
पहली से जमा दो कक्षा तक पढ़ने वाली छात्राओं के लिए सरकार ने लाल, काले और सफेद रंग की चेकदार वर्दी को मंजूर किया है। छठी से बारहवीं तक की छात्राओं को दुपट्टा भी दिया जाएगा। वहीं लड़कों की वर्दी हरे रंग की पैंट और हरे रंग की चेक शर्ट होगी।
अटल स्कूल वर्दी होगा योजना का नाम
सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को मुफ्त दी जाने वाली स्मार्ट वर्दी योजना का नाम भी सरकार ने बदल दिया है। कांग्रेस सरकार के समय में योजना का नाम महात्मा गांधी वर्दी योजना और मुख्यमंत्री वर्दी योजना था। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन होते ही अब योजना का नाम बदलकर अटल स्कूल वर्दी योजना रख दिया गया है।
स्कूल बैग देने की प्रक्रिया भी शुरू
मुख्यमंत्री की बजट घोषणा और भाजपा के दृष्टि पत्र में की गई घोषणा को पूरा करते हुए सरकार ने स्कूली बच्चों को बैग देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। पहले चरण में पहली, तीसरी, छठी और नवीं कक्षा के विद्यार्थियों को नि:शुल्क बैग मुहैया करवाए जाएंगे। सरकार ने बैग खरीद के लिए भी टेंडर आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।