अब बस बताएगी... आ गया आपका स्टेशन, उतर जाइए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में लोकल रूटों पर मेट्रो की तर्ज पर सफर होगा। आपका स्टेशन आने वाला है, अगला स्टेशन कौन होगा। इसकी एनाउंसमेंट बस में होगी। पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम के जरिये यह संभव होगा। आपको पता चल जाएगा कि बस कौन से स्टॉपेज पर पहुंची है, और आगे कौन सा स्टॉपेज आने वाला है। जेएनएनयूआरएम-2 में राजधानी शिमला को मिली स्टैंडर्ड बसों में यह सुविधा दी जानी है।
एचआरटीसी प्रबंधन ने शिमला पहुंची स्टैंडर्ड बसों के पब्लिक एनाउंसमेंट और पब्लिक इनफॉरमेशन सिस्टम को एक्टिवेट करने का काम शुरू कर दिया है। बस बनाने वाली कंपनी के इंजीनियरों ने टूटीकंडी आईएसबीटी-ओल्ड बस स्टैंड, टूटीकंडी आईएसबीटी-ढली (वाया विकासनगर-मैहली) और ओल्ड बस स्टैंड-सोलन रूट पर लांग लेट मेजरमेंट का काम पूरा कर लिया है।
अपनाई जा रही जीओ फेंसिंग तकनीक
बसों में पब्लिक एनाउंसमेंट और पब्लिक इनफॉरमेशन सिस्टम चालू करने के लिए अब जीओ फेंसिंग का काम शुरू कर दिया गया है। शिमला की भौगोलिक स्थिति मैदानी इलाकों की तुलना में भिन्न होने के कारण क्यू शेल्टर के स्थान पर जीओ फेंसिंग तकनीक अपनाई जा रही है। इसी तकनीक की मदद से बसों में पब्लिक एनाउंसमेंट और पब्लिक इन्फॉरमेशन सिस्टम काम करेगा।
जीओ फेंसिंग से मिलने वाले सिग्नल के आधार पर बसों में लगी एलईडी स्क्रीन और स्पीकर पर स्टॉपेजों से संबंधित एनाउंसमेंट होगी। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक देवासेन नेगी ने बताया कि बसों में पब्लिक एनाउंसमेट सिस्टम चालू करने के लिए लांग लेट मेजरमेंट का काम पूरा कर लिया गया है। जियो फेंसिंग होने के बाद सिस्टम चालू हो जाएगा। बस में बैठे यात्रियों को लगातार स्टॉपेज की जानकारी मिलती रहेगी।
आईएसबीटी-ढली रूट पर मंगलवार से चलेंगी स्टैंडर्ड बसें
आईएसबीटी-ढली (वाया खलीनी-विकासनगर-मैहली) रूट पर मंगलवार से एचआरटीसी की दो स्टैंडर्ड बसें चलना शुरू हो जाएंगी। एक बस ढली से आईएसबीटी की ओर चलेगी, जबकि दूसरी आईएसबीटी से ढली की ओर रवाना होगी। इन बसों में आईएसबीटी से ढली का किराया 33 रुपये के स्थान पर महज 20 रुपये लिया जाएगा। बाईपास रोड पर स्टैंडर्ड बस सेवा शुरू होने से बसों की किल्लत झेल रहे लोगों को भारी राहत मिलेगी।
राजधानी शिमला को रविवार को दो और स्टैंडर्ड बसें मिल गई हैं। 13 जनवरी को आईएसबीटी-ओल्ड बस स्टैंड रूट पर दो स्टैंडर्ड बसें चलाई गईं थीं। अब दो और बसें मिलने के बाद एचआरटीसी के लोकल डिपो में स्टैंडर्ड बसों की संख्या बढ़ कर चार हो गई है। एसी बसों में वाईफाई से चलेगा इंटरनेट- जेएनएनयूआरएम में एचआरटीसी को मिलने वाली एसी बसों में वाईफाई के जरिये यात्रियों को इंटरनेट सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। फिलहाल, एचपीटीडीसी की कुछ चुनिंदा वोल्वो बसों में ही यात्रियों को वाईफाई इंटरनेट सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।