अब दूसरे घर में भी रहस्यमयी आग का तांडव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बार-बार ‘रहस्यमयी’ आग की लपटें उठने से सुर्खियों में रहे बाड़ी के शेर सिंह का आशियाना बीते शनिवार को आग की भेंट चढ़ गया लेकिन राहत अब भी नहीं मिली है। अब शेर सिंह के दूसरे घर में भी लपटें उठने लगी हैं। बुधवार सुबह 11:30 बजे बिस्तर और तकिये में आग लग गई। अफरातफरी में आग बुझाई तो आठ मिनट बाद इसी कमरे में कुर्सी पर रखे कपड़ों से लपटें उठने लगीं।
घटना के वक्त आस-पड़ोस के लोग और रिश्तेदार शेर सिंह के घर पर ही मौजूद थे। परिवार दहशत में है। लोग सकते में हैं कि यह लपटें कब पीछा छोड़ेंगी। परिवार के लोग, रिश्तेदार और पड़ोसी जागकर रातें काट रहे हैं। शेर सिंह ने बताया कि घटना के वक्त आस पड़ोस के लोग व रिश्तेदार भी उनके घर में मौजूद थे।
पंचायत उप प्रधान राजेश कुमार व पूर्व प्रधान लेखराम ने बताया कि शेर सिंह के घर में आग लगने का सिलसिला बुधवार को दोबारा शुरू हो गया। घर व आस पड़ोस के साथ उनके रिश्तेदार जागकर रातें काट रहे हैं। एफएसएल की टीम सैंपल ले चुकी है लेकिन अभी तक इस आग से पर्दा नहीं उठ पाया है।
कुछ नहीं निकला फोरेंसिक रिपोर्ट में
उधर, एफएसएल के निदेशक डा. अरुण शर्मा ने बताया कि पहले सैंपल लिए गए थे। पुन: आग लगने की उन्हें सूचना नहीं है। यदि ऐसा है तो पुलिस को वहां पर कड़ी नजर रखनी चाहिए। वे धर्मशाला में हैं। पुराने सैंपल की जानकारी कार्यालय वापस पहुंचने पर ही बताई जा सकती है। मंडी स्थित फोरेंसिक लैब की टीम ने दो बार शेर सिंह के घर का दौरा किया।
उनके सामने भी आग लगी। पहली सैंपल रिपोर्ट तो नहीं आई, लेकिन दूसरी बार लैब के विशेषज्ञों ने खुलासा किया कि यहां न तो शॉर्ट सर्किट और न ही रेडिएशन से आग लग रही है। यहां तक कि गैस या पेट्रोलियम पदार्थ होने से भी इनकार किया। वैज्ञानिक तक नहीं बता पाए कि शेर सिंह के घर में बार-बार आग क्यों लग रही है?