मुकेश अग्निहोत्री बोले- बेरोजगारी भत्ता योजना खत्म कर बजट में युवाओं को दिया धोखा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने बेरोजगारी भत्ता योजना खत्म कर बजट में युवाओं को धोखा देना करार दिया है। कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने पहले बजट भाषण में साफ तौर पर कहा है कि उनकी सरकार पूरी तरह से कर्जों और केंद्र की सहायता पर आश्रित है।
उन्होंने कहा कि जयराम सरकार के पास बेरोजगारी को दूर करने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने बजट को बेरोजगारों और युवाओं से हुआ एक बड़ा धोखा करार दिया। भाजपा ने बेरोजगारी भत्ता जैसी योजना को भी समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि महंगाई जैसे ज्वलंत मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री खामोश रहे।
मुकेश अग्निहोत्री ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए शनिवार को कहा कि अभी कुछ महीने पहले ही चुनाव के दौरान भाजपा प्रदेश में बेरोजगारी की दुहाई दे रही थी। वायदा ये किया था कि सत्ता परिवर्तन पर वे जल्दी ही नौकरियों के व्यापक प्रबंध करेगी।
लेकिन मौजूदा बजट में न तो नौकरियों के प्रावधान किए गए हैं और न ही बेरोजगारी को दूर करने की दिशा मेें ही कोई पुख्ता पहल की गई है। अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सारा ध्यान प्राइवेट सेक्टर की ओर केंद्रित किया है। हिमाचल को नजरअंदाज किया जा रहा है।
अच्छे बजट पर नहीं बोल पा रहे कांग्रेसी : रणधी
भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा कि जयराम सरकार ने हर वर्ग को ध्यान में रखकर बजट बनाया है। कांग्रेस नेताओं ने बजट की आलोचना कर संकीर्ण मानसिकता का परिचय दिया है।
पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए आशावादी बजट कांग्रेस के लिए निराशावादी बनकर रह गया है। जयराम सरकार ने बजट में प्रदेश के हर वर्ग को ध्यान रखा है।
उन्होंने कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री को निशाने पर लिया। कहा कि मुकेश का उतावलापन हर किसी की समझ से परे है। उन्होंने सदन से वाकआउट करवाकर कांग्रेस को प्रदेश में हंसी का पात्र बना दिया है।
रणधीर ने कहा कि कांग्रेस धारा 118 में संशोधन के विरोध में वाकआउट कर गई, जबकि न तो सरकार ने कोई संशोधन प्रस्ताव लाया और न ही कोई संशोधन किया गया। आरोप लगाया कि नारों के दम पर हर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस को भाजपा सांसदों से हिसाब मांगना शोभा नहीं देता।
कांग्रेस नेता बताएं कि उन्होंने 60 सालों का हिसाब कब और किसे दिया है। भाजपा के विधायक, सांसद, मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक जनता को हिसाब देते हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष बलवीर बग्गा, कुटलैहड़ मंडल अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी राजकुमार पठानिया, नवीन पुरी और खामोश जैतक आदि मौजूद रहे।
प्रदेश की महिलाओं को नई दिशा देगा जयराम सरकार का बजट
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष इंदु गोस्वामी ने जयराम सरकार के बजट की सराहना करते हुए इसे महिलाओं के संर्वागीण विकास में अहम योगदान देने वाला बताया है। गोस्वामी ने कहा कि बजट में महिलाओं के लिए जो प्रावधान किए गए हैं वह महिलाओं के विकास को नई दिशा देंगे।
कहा कि मुफ्त गैस चूल्हा देकर सरकार की महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति चिंता दिखती है। वहीं, स्वावलंबन योजना के तहत महिलाओं के उद्योग के लिए निवेश पर छूट महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करने वाला कदम है।
वहीं, स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करना, सशक्त महिला योजना, कन्याओं की छात्रवृत्ति को बढ़ाना, किशोरियों के लिए सेनिटरी नैप्किन देना, नव आगंतुक जैसी योजना महिलाओं के प्रति सरकार की संजीदगी को दर्शाती है। कहा कि महिला मोर्चा सरकार की दूरदर्शिता के लिए उसका धन्यवाद करती है।