फिर विवादों में आए सांसद रामस्वरूप, बंदूक साफ करते फेसबुक पर डाली पोस्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा सांसद रामस्वरूप एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। मंगलवार को उन्होंने कारतूस बेल्ट लिए अपनी 12 बोर की बंदूक साफ करते फेसबुक पर पोस्ट डाल दी। यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। उन्होंने लिखा कि कोरोना वायरस के बीच जनता का ख्याल रखें, जिसके लिए लॉकडाउन और कर्फ्यू के बीच दिल्ली से मंडी पहुंचे हैं। गौर रहे कि जब सांसद लॉकडाउन के बीच दिल्ली से मंडी पहुंचे थे, तब भी वह विवाद में आ गए थे। अब क्वारंटीन अवधि पूरी करने के बाद उन्होंने यह पोस्ट डाल दी। सांसद ने पोस्ट में लिखा ‘अपने निवास जलपेहड़ (जोगिंद्रनगर) में अपनी लाइसेंसी 12 बोर गन (कारतूस) की सफाई व निरीक्षण करते हुए।’
कुछ यूजर्स ने इस पोस्ट पर सांसद को खरी-खोटी सुनाने में कसर नहीं छोड़ी तो कुछ ने तारीफ की। कुछ ने लिखा, शास्त्र के साथ शस्त्र परिपूर्ण होना अनिवार्य है। कुछ ने लिखा, शिकार की तैयारी है। एक यूजर ने लिखा कि शायद कोरोना को उड़ाने का प्लान बना रहे हैं। इसी तरह कई यूजर्स ने सांसद की खिंचाई भी की। एक यूजर ने लिखा, भाई विनाशकाल विपरीत बुद्धि। एक और यूजर ने लिखा कि भाई ये तो बंदूक वाला नेता है, क्वारंटाइन नहीं होना है, जो आवाज उठाए वो.....। कुछ यूजर्स ने इस पोस्ट को पाकिस्तान से जोड़कर भी कमेंट किए हैं।
पूर्व भाजपा विधायक बोले, नहीं थी इसे पोस्ट करने की जरूरत
भाजपा के पूर्व शिक्षा मंत्री आईडी धीमान के पुत्र एवं भोरंज विधानसभा के पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान ने सांसद रामस्वरूप के लिए लिखा, इस पोस्ट की जरूरत नहीं थी श्रीमान सांसद महोदय। जिसने राय दी होगी, वह अवश्य ही आपका शुभचिंतक नहीं है।