Mandi News: प्रतिभा सिंह बोलीं- लोस चुनाव की तैयारी, टिकट देना हाईकमान का काम
सुंदरनगर के धनोटू में 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर प्रतिभा ने कहा कि टिकट किसे देना है, यह पार्टी का विशेषाधिकार होता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव की तैयारी चल रही है। टिकट देने का निर्णय हाईकमान का होता है। सुंदरनगर के धनोटू में 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर प्रतिभा ने कहा कि टिकट किसे देना है, यह पार्टी का विशेषाधिकार होता है। यदि उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहा जाता है तो यह जिम्मेदारी फिर से निभाने के लिए तैयार हैं। वह पूरे संसदीय क्षेत्र का दौरा कर रही हैं। लोगों का काफी अच्छा फीडबैक मिल रहा है। उन्होंने 2024 के चुनावों में प्रदेश की चारों सीटों पर कांग्रेस की जीत का दावा किया। कहा कि जोगिंद्रनगर में उन्होंने बिकने वाला कोई बयान नहीं दिया है।
उन्होंने भाजपा की तरफ से किए गए धन-बल के इस्तेमाल को लेकर अपनी बात कही थी। कहा कि जोगिंद्रनगर में भाजपा ने धन-बल के दम पर चुनाव जीता है। उनके बयान को गलत ढंग से पेश किया गया। नाचन दौरे के दौरान शुक्रवार को प्रतिभा ने सीसे स्कूल कनैड में छात्राओं की अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता का समापन किया। धनोटू में पीडब्ल्यूडी के निर्माणाधीन रेस्ट हाउस, सब्जी मंडी और जय देवी स्कूल के साइंस ब्लॉक का जायजा लिया। उन्होंने फंगवास में पंचायत भवन की आधारशिला रखी। यहां भी छात्राओं की प्रतियोगिताओं का समापन किया। उन्होंने जन समस्याएं भी सुनीं।
मंडी में कल खुलेगा वीरभद्र के नाम पर चिल्ड्रन पार्क
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह चार जून को दोपहर 12 बजे मंडी के भियुली स्थित भीमाकाली मंदिर प्रांगण में पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह मेमोरियल चिल्ड्रन पार्क का लोकार्पण करेंगी। उसके बाद सराज विधानसभा क्षेत्र के बारा के लिए रवाना होंगी और वहां जनसभा करेंगी। रात्रि विश्राम मंडी परिधि गृह में होगा। प्रतिभा के राजनीतिक सचिव अमित पाल सिंह ने बताया कि पांच जून को प्रतिभा मंडी जिले में सांसद निधि से चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक लेंगी। मंडी में बनने वाले बहुउद्देश्यीय स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण से जुड़े अधिकारियों की भी बैठक लेंगी। इसी दिन दोपहर बाद जिला स्तरीय गड़सा मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता करने के बाद शिमला लौट आएंगी।