अफसरों को बोले मारकंडा - काम को पगार देती है सरकार, जेई पर कार्रवाई के आदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आनी उपमंडल के निरमंड में आयोजित जनमंच कार्यक्रम में कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा अफसरों पर तल्ख दिखे। कार्यक्रम के दौरान वन, शिक्षा और अन्य विभागों की कमियां सामने आने पर उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार जनता के कार्य करने के लिए पगार देती है। समय पर काम निपटाएं और जनता को सुविधा प्रदान करें।
लोगों ने भी मंत्री के सामने पोल खोलते हुए कहा कि उन्हें अपने काम करवाने के लिए अधिकारियों के पास बार-बार चक्कर काटने पड़ते हैं। मारकंडा ने कहा कि जनमंच के अलावा अधिकारी कार्यालय में लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से निपटाएं।
अगर कोई काम नहीं होने वाला है तो पहले ही मना कर दें जिससे लोगों को कार्यालय के बार-बार चक्कर न काटने पड़ें। सड़क, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधा देने के लिए अधिकारी फील्ड में जाकर समस्या का समाधान करें। दूरदराज के जो लोग मुख्यालय नहीं पहुंच सकते, उन्हें जनमंच पर यह सुविधा दी जा रही है।
उधर, मिल्कफेड से संबंधित शिकायतें रखी गईं तो मौके पर कोई अधिकारी नहीं था। इसको लेकर मारकंडा ने कहा कि संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया जाएगा।
सोलर ड्रिप सिंचाई पर 100 प्रतिशत सब्सिडी : मारकंडा
कृषि, जनजातीय विकास और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने कहा कि सरकार सामूहिक सोलर ड्रिप सिंचाई योजनाओं पर 100 प्रतिशत सब्सिडी देगी। निजी सोलर ड्रिप सिंचाई योजनाओं के लिए भी 90 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान किया जा रहा है।
जिले की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला निरमंड में रविवार को जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. मारकंडा ने यह बात कही। बताया कि वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार करने के साथ-साथ प्रदेश सरकार हिमाचल को प्राकृतिक खेती राज्य बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक खेती, खुशहाल किसान योजना आरंभ की है। सरकार ने इस वित्त वर्ष में प्राकृतिक खेती के लिए 45 करोड़ रुपये का बजट रखा है।
इस योजना के तहत किसानों को देसी गाय और आवश्यक सामग्री पर 25 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाएगी। डॉ. मारकंडा ने बताया कि प्रदेश सरकार की इस योजना के काफी उत्साहजनक परिणाम सामने आ रहे हैं। पिछले एक वर्ष के दौरान ही कृषि विभाग ने प्रदेश में खतरनाक कीटनाशकों और रासायनिक खाद के प्रयोग में लगभग सात करोड़ रुपये तक की कमी लाने में सफलता हासिल की है। डॉ. मारकंडा ने कहा कि केंद्रीय बजट में भी इस बार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की घोषणा की है और इसमें हिमाचल प्रदेश एक अग्रणी राज्य बनकर उभर सकता है।
प्राकृतिक खेती राज्य बनाने में दें सहयोग
कृषि मंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायतें लावारिस पशुओं के लिए गोशाला निर्माण और कूड़े-कचरे का उपयुक्त प्रबंधन भी सुनिश्चित करे। किसानों से आग्रह किया कि वे हिमाचल को संपूर्ण प्राकृतिक खेती राज्य बनाने में सहयोग दें। मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने कहा कि अब केंद्र और प्रदेश सरकार ग्राम पंचायतों को सीधे भारी भरकम बजट प्रदान कर रही है। प्रत्येक नागरिक को ग्राम सभा की बैठकाें में भाग लेकर इस बजट का सदुपयोग सुनिश्चित करना चाहिए।
बिजली की समस्या पर गुस्साए मंत्री, जेई पर कार्रवाई के आदेश
कांग्रेस विधायक सुजानपुर राजेंद्र राणा की गृह पंचायत पटलांदर में लोगों की ओर से बिजली के अघोषित कटों की समस्या जनमंच में उठाने के बाद मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता को संबंधित कनिष्ठ अभियंता पर कार्रवाई के आदेश दे दिए। बिजली की समस्या पर मंत्री ने मौके पर ही जेई के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए।
उपायुक्त हरिकेश मीणा ने कहा कि बिजली की शिकायत पर अधीक्षण अभियंता को जांच के आदेश दिए गए हैं। अगर मामले में लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित जेई को चार्जशीट किया जाएगा। उधर, अधिशाषी अभियंता बिजली बोर्ड केके भारद्वाज का कहना है कि संबंधित मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
2076 मामले सामने आए
किन्नौर जिला को छोड़ कर प्रदेश के 11 जिलों में रविवार को आयोजित जन मंच में 2076 शिकायतें व मांगें प्राप्त हुईं। किन्नौर जिला में जन मंच का आयोजन 14 जुलाई को होगा। प्रदेश में अब तक आयोजित जन मंच में 34 हजार से अधिक समस्याएं व शिकायतें आई हैं। इनमें से अधिकतर का निपटारा किया जा चुका है।
ऊना के कुठार खुर्द में आयोजित जनमंच में कुल 113 समस्याएं प्राप्त हुईं। अधिकतर का मौके पर समाधान किया गया। जन मंच से पूर्व जिला में 19 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने की। सिंचाई एवं जनस्वाथ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में जोगिंद्रनगर के लडभड़ोल में, कुल्लू जिले में जन मंच निरमंड कृषि मंत्री डा. रामलाल मारकंडा ने, भरमौर में स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने, हमीरपुर जिला में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने सुजानपुर में और उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कांगड़ा जिला के दरीणी में जन मंच की अध्यक्षता की।
वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद ठाकुर ने लाहौल-स्पीति जिला के काजा में जन मंच की अध्यक्षता की। सिरमौर जिला के रेणुका के बोगधार गांव में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सैजल, योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला ने बिलासपुर जिला के मल्यावर में और भाजपा के मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा ने सोलन जिला के नालागढ़ के रामशहर में जन मंच में समस्याओं का मौके पर ही निपटारा किया।