चौथे दिन भी एटीएम खाली, कैश के लिए लगीं कतारें, लोग परेशान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोटबंदी के ऐलान के बाद रविवार को भी बैंकों में नोट बदलवाने के लिए लोग कतार लगाए रहे। एटीएम से रुपयों की निकासी न होने के चलते बैंक शाखाओं में नोट बदलवाने के साथ खाते से रुपये निकालने के लिए भी लोगों की भीड़ रही। सोलन में कारपोरेशन बैंक, सेंट्रल बैंक रबौण एचडीएफसी बैंक मालरोड, कैथोलिक बैंक राजगढ़ मार्ग और ग्रामीण बैंक के एटीएम बंद रहे।
जबकि सेंट्रल बैंक, यस बैंक, पीएनबी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ पटियाला, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया खुला रहा। एसबीआई मालरोड पर एटीएम में 2000 के नोट ही निकल रहे थे। कांगड़ा बैंक व राज्य सहकारी बैंक में बंद पांच व हजार रुपये के नोट एक्सचेंज नहीं हो रहे हैं। दस-दस रुपये के सिक्के उपभोक्ताओं को दिए जा रहे हैं।
कैश उपलब्ध न होने पर एटीएम को लेकर भी दिक्कत आ रही है। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक समिति की शाखाओं में उपभोक्ताओं को नोट बदलने की सुविधा नहीं मिल रही है। केसीसी बैंक मुख्य कार्यालय शाखा के मैनेजर रमेश चौधरी ने बताया कि आरबीआई के नियमों के अनुसार उन्हें नोट बदलने की अनुमति नहीं दी गई है। इसके चलते वह अपनी शाखा में नोट नहीं बदल रहे हैं।
एटीएम से नहीं निकल रहा कैश, कई बैंकों में नए नोट नहीं
सिरमौर जिले के सहकारी बैंकों में ग्राहक परेशान हो रहे हैं। राज्य सहकारी बैंक, ग्रामीण बैंकों में नए नोट तो दूर पुरानों की भी दरकार है। बैंकों में सीमित कैश मिलने से उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिमला में द एचपी स्टेट कॉपोरेटिव बैंक में दोपहर डेढ़ बजे अचानक नोट खत्म हो गए।
चंबा में एक्सचेंज के लिए बैंक के बाहर लाइनों में लोग लगे रहे। इस बीच रविवार को ग्रामीण व सहकारी बैंक के एटीएम न चलने से लोगों को मायूस होना पड़ा। वहीं, ऊना में रविवार को भी करेंसी बदलवाने के लिए बैंकों में लाइनें लगी रहीं। हालांकि, जिले में कुछ एटीमएम में राशि निकलने से लोगों को राहत भी मिली है। मंडी में ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित राज्य सहकारी व ग्रामीण बैंकों में कैश की कमी बैंक अधिकारी व कर्मचारी बेबस नजर आए।
जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित अधिकतर बैंकों में रविवार को लोगों की खूब भीड़ उमड़ी। लेकिन, कैश न होने से लोगों को एक्सचेंज तो दूर अपने खाते में मौजूद कैश तक नहीं मिल सका। वहीं, हमीरपुर की विभिन्न बैंक शाखाओं के बाहर रविवार को भी लोगों की नकदी निकासी को भीड़ लगी रही। यहां तक कि कई बैंक शाखाओं को अपने एटीएम मशीनें दोपहर बाद बंद करनी पड़ी।