वोटर कार्ड के साथ कुल्लू में नाटी डालेंगी 12 हजार ग्रामीण महिलाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला कुल्लू में मतदान प्रतिशतता को बढ़ाने के लिए 12 हजार से अधिक ग्रामीण महिलाएं वोटर कार्ड के साथ नाटी डालकर लोगों को वोट डालने के लिए जागरूक करेंगी। ये महिलाएं अलग-अलग जगह पर नाटी डालेंगी। नए वोटर बनाने के बाद जिला चुनाव अधिकारी ने मतदान प्रतिशतता को बढ़ाने पर ध्यान दिया है।
जिले में हजारों ग्रामीण महिलाएं पारंपरिक परिधानों में कुल्लवी नाटी डालेंगी। इसका आगाज छह मई से सैंज से शुरू होगा, जहां करीब दो हजार ग्रामीण महिलाएं एक साथ नाटी डालेंगी। इसके अलावा ढालपुर मैदान में कुल्लू की पारंपरिक नाटी के जरिए चार हजार महिलाएं मतदाताओं को मतदान का संदेश देंगी। पर्यटन नगरी मनाली में दो हजार, आनी में 11 मई को दो हजार और बंजार में दो हजार से अधिक महिलाएं कुल्लवी नाटी डालेंगी।
उल्लेखनीय है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में जिला में 64.14 प्रतिशत मतदान हुआ था। लेकिन इस बार इससे भी अधिक मतदान प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि इसी मकसद से 24 अप्रैल को दशहरा मैदान ढालपुर में जिला के 28 शैक्षणिक संस्थानों के करीब 3200 विद्यार्थियों ने भाग लेकर मानव शृंखला के माध्यम से मतदान करने का संदेश दिया था।
19 मई को होने वाले मतदान में जिला कुल्लू में वोट प्रतिशत कैसे बढ़ाया जाए अब जिला निर्वाचन विभाग इसी पर काम कर रहा है। इसमें शहरों से लेकर जिला के दुर्गम गांवों को कवर किया जा रहा है। उधर, जिला निर्वाचन अधिकारी यूनुस ने कहा कि जिला कुल्लू में वोट प्रतिशत को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मनाली, बंजार और कुल्लू के कार्यक्रमों की जल्द तिथि तय की जाएगी।
2014 में इन मतदान केंद्रों में रहा था महिलाओं का दबदबा
2014 के लोकसभा चुनाव में जिला के आठ मतदान केंद्रों में सबसे अधिक मतदान महिलाओं ने किया था। इसमें मनाली विधानसभा के मझाच में 85.71, जटेहड़ बिहाल में 82.63, कुल्लू विस के शंगचन में 83.80 और बढेईराग्रां मतदान केंद्र में 78.64, बंजार विस के भडेउली में 81.48 तथा बागीकशैरी में 93.75, आनी विस के बालू मतदान केंद्र में 82.97 और कुईंर में 86.31 फीसदी महिलाओं ने मतदान किया था।