नगर निगम की लापरवाही सर्कुलर रोड पर भारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोक निर्माण विभाग ने सर्कुलर रोड से बार-बार उखड़ रही टारिंग के लिए नगर निगम को जिम्मेवार ठहराया है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जगह-जगह पानी की लीकेज और रिसाव कर रही पेयजल लाइन और ड्रेन लाइन के ओवर फ्लो होने से सड़क उखड़ रही है।
सर्कुलर रोड पर ऐसे कई स्थान हैं, जहां सड़कें उखड़ गई हैं। विभाग का कहना है कि इन चिह्नित स्थानों पर लीकेज और रिसाव को दुरुस्त कर दिया जाए तो सड़कें लंबे समय तक सुरक्षित रहेंगी। सड़क पर लगातार पानी बहने से नुकसान पहुंचता है और उसके ऊपर से गाड़ियों के गुजरने से सड़क ज्यादा क्षतिग्रस्त होती है। सड़क में टारिंग उखड़ जाती है और जगह-जगह गड्ढे बन जाते हैं। शहर की सड़कों की हालत पहले ही दयनीय है।
लोनिवि की ओर से पैच लगाकर सड़क के गड्ढे तो भरे जा रहे हैं पर एमसी की पाइपों की लीकेज और रिसाव सही न होने से स्थिति में सुधार नहीं हो पा रहा है। एमसी की पाइप की लीकेज शहर की कई जगहों पर हो रही है, लेकिन अगर कोई शिकायत न करे तो एमसी के कर्मचारी लीकेज और रिसाव को ठीक करने की जहमत भी नहीं उठाते।
अगर कहीं पाइप ठीक करने के लिए सड़क खोदी जाती है तो लीकेज ठीक करने के बाद खोदी गई सड़क पर लीपापोती कर औपचारिकता निभा दी जाती है। ऐसे हालात में तो लगता है कि शहर की सड़कें कभी भी पूरी तरह से चकाचक नहीं हो पाएंगी।
पाइप में लीकेज बड़ा कारण: अयूब
लोनिवि के अधिशासी अभियंता अयूब चौधरी का कहना है कि एमसी की पाइपों की लीकेज और रिसाव सर्कुलर सड़क के क्षतिग्रस्त होने का बड़ा कारण है। पानी लगातार बहने से कई जगह सड़क की टारिंग उखड़ जाती है। छोटा शिमला से बागवानी निदेशालय की ओर जाने वाली सड़क पर पंद्रह दिन से निगम की पाइप टूटी होने के कारण हजारों लीटर पानी सड़क में व्यर्थ बह रहा है।
पानी बहने से न सिर्फ सड़क को नुकसान हो रहा है, बल्कि सड़क के साथ लगते घरों में रहने वाले लोग भी परेशान हैं। लोगों ने निगम को कई बार इस समस्या से अवगत करवाया है, लेकिन समस्या जस की तस है। शहर के कई क्षेत्रों में लोगों को पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पाती और यहां रोजाना हजारों लीटर पानी सड़क पर बह रहा है।
स्थानीय निवासी अंकुर ठाकुर, संगीता वर्मा और डेविड का कहना है कि पाइप कई दिनों से टूटी पड़ी है और हर रोज सुबह और शाम सड़क पानी से तर रहती है। सड़क से रोजाना सैकड़ों लोग और स्कूली बच्चे गुजरते हैं। गाड़ियांगुजरते ही सड़क पर बहते पानी के छींटे पैदल चलते लोगों पर गिरते हैं।
विकास चौहान, राजेश वर्मा, सुनील ठाकुर का कहना है कि सड़क पर पानी बहने से सबसे ज्यादा परेशानी सड़क के साथ लगते घरों में रहने वालों को हो रही है, पानी उनके घरों में घुस रहा है। लोगों ने प्रशासन से पाइप को ठीक करने की मांग की है, ताकि हजारों लीटर पानी को व्यर्थ बहने से बचाया जा सके।
नगर निगम के सहायक अभियंता राजेश कश्यप का कहना है कि मौके पर कनिष्ठ अभियंता को भेज कर पाइप चैक की जाएगी। अगर पाइप टूटी है तो उसे तुरंत जोड़ा जाएगा।