{"_id":"58463dd94f1c1be359448676","slug":"koti-brandi-water-pipeline-break-down-at-panthaghati","type":"story","status":"publish","title_hn":"बस एक क्लिक में पढ़िए शिमला शहर की ये 3 बड़ी खबरें","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बस एक क्लिक में पढ़िए शिमला शहर की ये 3 बड़ी खबरें
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
Updated Tue, 06 Dec 2016 09:58 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी शिमला को कोटी-बरांडी परियोजना के पानी की सप्लाई करने वाली पाइप लाइन पंथाघाटी के समीप दोची में अचानक फट गई। पाइप फटने से पानी सड़क के नीचे घरों में घुस गया। पाइप फटने के कारण सड़क में गड्ढा पड़ गया, पत्थर उछलने से दो गाड़ियों के शीशे चटक गए। पानी का बहाव देखकर लोग घरों से बाहर दौड़ गए।
विज्ञापन
कोटी बरांडी परियोजना का पानी अश्वनी खड्ड के पंपिंग स्टेशन के जरिये शहर तक पहुंचाने वाली पाइप लाइन फटने से तेज बहाव के साथ पानी दोची निवासी बाबू राम के घर में जा घुसा। पुजारली पंचायत की प्रधान विनती शर्मा ने बताया कि पाइप लाइन बेहद कमजोर हो गई है। बार बार पाइप फटने से लोग चिंतित हो गए हैं। दोची के पास पाइप लाइन घरों के बेहद करीब से गुजर रही है।
विज्ञापन
लोगों को रात के समय पाइप फटने के कारण पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से बड़े नुकसान का खतरा है। नगर निगम के अधिकारियों से रात के समय पंपिंग न करने और पाइप लाइन शिफ्ट करने का आग्रह किया गया है। अश्वनी खड्ड से शहर को पानी की सप्लाई करने वाली पाइप लाइन बदलने की योजना है। पाइप लाइन बहुत पुरानी है जिसके कारण इसमें बार बार लीकेज की समस्या पेश आती है। नई लाइन बिछने के बाद लीकेज की समस्या स्थायी तौर पर हल हो जाएगी।
विज्ञापन
पाइप जोड़ने का काम शुरू
दोची के पास फटी पाइप लाइन को जोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है। लोगों ने रात के समय पानी की पंपिंग न करने का आग्रह किया है। परियोजना से अब सिर्फ दिन के समय ही पानी की पंपिंग की जाएगी।- धर्मेंद्र गिल, अधीक्षण अभियंता, वाटर सप्लाई एंड सीवरेज सर्कल
2. डेंटल ओपीडी में काम ठप कर हड़ताल पर इंटर्न छात्र
इंटर्न छात्र सोमवार को डेंटल ओपीडी में काम ठप कर हड़ताल पर चले गए। फर्स्ट से लेकर फाइनल ईयर तक के छात्रों ने प्रबंधन और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सुबह दस बजे छात्र कॉलेज गेट के बाहर एकत्र हुए और नारेबाजी शुरू कर दी। छात्रों की ओर से मांग की जा रही थी कि कमीशन की सीटों को नियमित तौर से निकाला जाए। छात्र डॉ. अनिल अज्टा ने बताया कि सरकार ने वर्ष 2013 में अंतिम बार कमीशन निकाला था। इसके बाद इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
वर्ष 2001 बैच के डॉक्टरों को ही रोजगार मिला है। 2002 से लेकर अब तक के डॉक्टर रोजगार के लिए भटक रहे हैं। अब मांगों के लिए उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। छात्रों ने सरकार और कालेज प्रबंधन से मांग की है कि प्रत्येक वर्ष 40 सीटें निकाली जाएं। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि सीटें न निकलने के कारण डेंटल की पढ़ाई के बाद छात्रों को स्ट्रीम बदलना पड़ रहा है। उन्हें या तो बेकिंग कैरियर चुनना पड़ रहा है या दूसरी ओर जाना पड़ रहा है। गरीब परिवार के छात्र भी यहां पड़ रहे हैं, उनके साथ भी अन्याय हो रहा है।
छात्रों ने कहा कि डीसीआई के मुताबिक कॉलेज में 50 फीसदी सीटें होनी चाहिएं, लेकिन यहां तो सोलह फीसदी ही सीटें हैं। ऐसे में तो कॉलेज की मान्यता तक रद्द हो सकती है। हालांकि छात्रों के इस प्रदर्शन के बाद सामान्य रुप से डेंटल संबंधित काम चलता रहा। प्रबंधन ने अपने स्तर पर मरीजों को परेशानी न हो इसके लिए पीजी और कंसलटेंट डॉक्टरों की तैनाती कर रखी थी। इधर, कॉलेज प्राचार्य डॉ. आरपी लुथरा ने कहा कि छात्रों के स्ट्राइक पर होने के बावजूद कंसलटेंट और पीजी डॉक्टरों ने मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी नही आने दी।
3. राष्ट्रीय महिला आयोग ने हिमाचल सरकार से तलब की अनीतू की फाइल
ननखड़ी के कुंगल बाल्टी गांव में पिछले तीन साल से नारकीय जीवन व्यतीत करने को मजबूर दिव्यांग अनीतू का मामला सामने आने के बाद सरकारी अमला हरकत में आया है। सोमवार को तहसील कल्याण अधिकारी मौके पर पहुंचे और अनीतू के नाना और नानी से इस मामले में बातचीत की।
इधर, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने भी इस मामले पर राज्य सरकार से रिपोर्ट मांगी है। मामले को उजागर करने वाली उमंग संस्था के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में उन्हें दिल्ली से राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ललिता कुमारमंगलम का फोन आया था।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सचिव अनुराधा ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच के लिए तहसील कल्याण अधिकारी को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने फोन कर इस मामले के बारे में रिपोर्ट मांगी है। उमंग फाउंडेशन के अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार सुबह अनीतू की जानकारी लेने के लिए उन्हें दिल्ली से महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष का फोन आया था। श्रीवास्तव ने बताया कि महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उनसे बेसहारा महिलाओं के आश्रमों से जुड़ी जानकारियां भेजने को भी कहा है।