कांग्रेस मंत्री बोले, पाकिस्तान छोटा भाई, बस आतंक से करे परहेज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी गतिविधियों के बीच स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने पाकिस्तान को कड़ी सलाह दी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत का छोटा भाई है और उसे आतंक से परहेज करना चाहिए।
कौल ने उड़ी में सेना कैंप पर हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक पर सेना को बधाई दी। कहा कि आतंक के खिलाफ आगे भी ऐसे ऑपरेशन होते रहने चाहिए।
इससे पहले कौल ने पाकिस्तान को आतंकी देश बताते हुए कहा था कि सिर्फ चीन ही उसका समर्थन करता है। हालांकि, चीन के अलावा पूरी दुनिया भारत का समर्थन करती है।
भाजपा ही नहीं, कांग्रेस ने भी उठाए थे बड़े कदम
वहीं, रणदीप सुरजेवाला द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक पहले भी होने के बयान पर कौल सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी के समय में ही पाकिस्तान के दो टुकड़े हुए थे। उससे पहले लाल बहादुर शास्त्री जब प्रधानमंत्री थे, तब ताशकंद में हुए समझौते के बाद भारतीय सेना पाकिस्तान से लौटी थी।
ऐसे में सिर्फ यह कहना कि भाजपा सरकार ने ऐसा किया, यह गलत है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को ऐसी घटनाओं को याद रखना चाहिए और आतंकवाद से परहेज करना चाहिए। कौल सिंह ने एनडीआरएफ द्वारा रिज मैदान पर आयोजित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।
कौल ने कहा कि एनडीआरएफ देश ही नहीं, दुनिया की सबसे अच्छी बचाव फोर्स है जो हर आपदा में लोगों को बचाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ का कैंप नूरपुर में बनाने के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। चूंकि हिमाचल भूकंप बाहुल्य क्षेत्र है, ऐसे में एनडीआरएफ की प्लाटून यहां स्थापित करने के लिए गृह मंत्रालय से संपर्क किया जा रहा है।