बेरोजगारों के पास नौकरी पाने का मौका, यहां लगेगा रोजगार मेला
प्रशिक्षित बेरोजगारों के पास नौकरी पाने का सुनहरा मौका है। कांगड़ा के सुलह में 11 नवंबर को देश की नामी कंपनियां रोजगार मेला लगाएंगी। इसमें लगभग 40 कंपनियों के प्रतिनिधि युवाओं का चयन करेंगे। शाहपुर आईटीआई परिसर में भी 12 नवंबर को कैंपस इंटरव्यू होंगे।
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी कांगड़ा रमेश कटोच ने कहा कि श्रम एवं रोजगार विभाग इस वर्ष का तीसरा रोजगार मेला 11 नवंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुलह में लगाएगा।
इसमें प्रदेश और अन्य राज्यों की 35 से 40 नामी औद्योगिक संस्थानों के विभिन्न पदों के लिए पांचवीं, आठवीं, दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, बीफार्मा, डी फार्मा, एम फार्मा, स्नातक, स्नातकोत्तर, एमबीए, बीबीए, बीटेक (आईटी), एमटेक (आईटी), बीसीए, एमसीए पास अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
अभ्यर्थी शैक्षणिक तथा अन्य मूल दस्तावेजों की तीन प्रतिलिपियां, तीन फोटो और मूल दस्तावेजों सहित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। शाहपुर आईटीआई में 12 नवंबर को गुरुग्राम की हनीवेल इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड कैंपस इंटरव्यू से 25 युवाओं को अप्रेंटिसशिप और ट्रेनी के रूप में नौकरी देगी।
ऐसे होगा चयन
पहले युवाओं की लिखित परीक्षा होगी। उसके बाद चयनित युवाओं का साक्षात्कार होगा। इसमें 18 से 25 वर्ष के बीच के युवा, जिन्होंने फिटर, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स व्यवसायों में 2017 और 2018 में आईटीआई से पास आउट हो।
उधर, आईटीआई शाहपुर के प्रधानाचार्य एसके लखनपाल ने कहा कि चयनित कुछ प्रशिक्षुओं को कंपनी 10200 रुपये मासिक तीन साल की ट्रेनी नीम प्रोजेक्ट के अंतर्गत रखेगी।
कुछ प्रशिक्षुओं को एक साल की 10200 रुपये सैलरी अप्रेंटिसशिप के रूप में देगी। प्रशिक्षुओं को परफॉरमेंस के हिसाब से नियमित किया जाएगा। कंपनी रियायत दरों पर प्रशिक्षुओं के लिए खाने का प्रावधान करेगी।
साक्षात्कार के लिए बायोडाटा, आधार कार्ड, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण पत्र, बोनाफाइड हिमाचली प्रमाण पत्र, शिक्षा व तकनीकी शिक्षा से संबंधित समस्त प्रमाण पत्र और दो पासपोर्ट साइज फोटो लाने होंगे।