पेपर लीक मामला: एसआईटी ने जेई सिविल पेपर लीक मामले की कोर्ट को दी जानकारी, अगली सुनवाई 30 को
जेई सिविल परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थी मुकेश कुमार ने लिखित परीक्षा में 82 अंक हासिल किए हैं। लेकिन विजिलेंस थाना हमीरपुर में पूछताछ के दौरान वह कई सवालों के जवाब नहीं दे पाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जूनियर इंजीनियर पोस्ट कोड 970 पेपर लीक मामले में वीरवार को एसआईटी ने हमीरपुर जिला सत्र न्यायालय में अपना पक्ष रखा। एसआईटी ने अदालत को जेई सिविल पेपर लीक मामले में संलिप्त आरोपियों की भूमिका की जानकारी दी। एसआईटी ने अदालत से तीनों आरोपियों के पुलिस रिमांड की मांग की है। अब इस मामले में अदालत 30 अक्तूबर को सुनवाई करेगी।
एसआईटी ने विजिलेंस थाना हमीरपुर में पोस्ट कोड 970 जूनियर इंजीनियर पेपर लीक मामले में एचएएस अधिकारी डॉ. जितेंद्र कंवर, बर्खास्त ट्रैफिक इंस्पेक्टर रवि कुमार, अभ्यर्थी मुकेश कुमार और अभ्यर्थी के पिता रणजीत सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था।
एसआईटी ने इन तीनों को मामले की जांच में सहयोग करने के लिए पूछताछ के लिए विजिलेंस थाना हमीरपुर बुलाया था। लेकिन तीनों शिमला स्थित उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत के लिए पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च न्यायालय ने 22 सितंबर 2023 को तीनों की जमानत अर्जी रद्द कर दी।
इसके बाद तीनों सर्वोच्च न्यायालय चल गए। लेकिन सर्वोच्च न्यायालय ने भी तीनों की जमानत अर्जी को 13 अक्तूबर 2023 खारिज करते हुए तीन सप्ताह के भीतर तीनों आरोपियों को जांच एजेंसी के समक्ष आत्मसमर्पण करने के आदेश दिए।
सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की पालना करते हुए तीनों आरोपियों ने बीते बुधवार को हमीरपुर स्थित विजिलेंस थाना में आत्मसमर्पण कर दिया। अब तीनों आरोपी जमानत के लिए जिला न्यायालय हमीरपुर में जमानत अर्जी देने की कोशिश में हैं।
बिजली बोर्ड में कर्मचारी है अभ्यर्थी के पिता
जेई सिविल परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थी मुकेश कुमार ने लिखित परीक्षा में 82 अंक हासिल किए हैं। लेकिन वीरवार को विजिलेंस थाना हमीरपुर में पूछताछ के दौरान वह कई सवालों के जवाब नहीं दे पाया। एसआईटी सदस्यों ने आरोपियों से करीब चार घंटे लंबी पूछताछ की। आरोपी अभ्यर्थी के पिता भी इस मामले में नामजद हैं। पिता रणजीत सिंह हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड कुल्लू में सेवारत हैं। अब मामला दर्ज होने के बाद उन पर भी विभागीय कार्रवाई हो सकती है।
एसआईटी ने जेई सिविल भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में वीरवार को न्यायालय में अपना पक्ष रखा है। इस मामले में आगामी सुनवाई 30 अक्तूबर को होनी है। फिलहाल एसआईटी के सदस्य अपनी कार्रवाई में आगे बढ़ रहे हैं। - राहुल नाथ, एसपी, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो, मंडी