फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   January 26, 2026 Republic Day celebrations at Ridge Maidan today Governor to take the salute at the parade

26 January 2026 Republic Day: रिज मैदान पर राज्यपाल ने फहराया तिरंगा, अन्य जिलों के बारे में भी जानें

Mon, 26 Jan 2026 12:42 PM IST
अंकेश डोगरा अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला। Published by: अंकेश डोगरा Updated Mon, 26 Jan 2026 12:42 PM IST
सार

26 January 2026 Republic Day: सोमवार को ऐतिहासिक रिज मैदान पर राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह मनाया जा रहा है। यहां राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने ध्वाजारोहण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी मौजूद रहे। पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन
January 26, 2026 Republic Day celebrations at Ridge Maidan today Governor to take the salute at the parade
रिज मैदान पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

विस्तार

राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान पर 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, मंत्रिमंडल के सदस्य, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

विज्ञापन




प्रातः 10:50 बजे राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल राजभवन से रवाना हुए। 10:55 बजे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का रिज मैदान पर आगमन हुआ, जबकि 11:00 बजे राज्यपाल के पहुंचते ही मुख्य समारोह प्रारंभ हुआ। 11:02 बजे ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के बाद 11:05 बजे परेड का निरीक्षण किया गया। परेड का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवर ने किया, जबकि परेड कमांडर लेफ्टिनेंट शाश्वत तिवारी, 1 जे एंड के राइफल रहे।
विज्ञापन


परेड में सेना की 1 जे एंड के राइफल, भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, पंजाब पुलिस, हिमाचल प्रदेश पुलिस की विभिन्न आईआरबीएन वाहिनियां, महिला पुलिस, यातायात पुलिस, गृह रक्षक, डाक सेवा, पूर्व सैनिक, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड तथा हिमाचल प्रदेश आपदा प्रबंधन टुकड़ी ने अनुशासित मार्च पास्ट कर राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा बलों की सशक्त उपस्थिति का प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


इसके उपरांत विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। कृषि, उद्यान, फोरेंसिक सेवाएं, वन, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, विद्युत, स्वास्थ्य, नगर निगम शिमला, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, हिम ऊर्जा, ग्रामीण विकास, उद्योग, पशुपालन तथा भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग की झांकियों के माध्यम से प्रदेश की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रदर्शित किया गया। समारोह के दौरान साहसिक कार्य के लिए चौपाल क्षेत्र के गांव गागना निवासी  रितिक चौहान को उत्तम जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया। हरियाणा के सांस्कृतिक दल ने पारंपरिक घूमर नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, जबकि जम्मू-कश्मीर से आए कलाकारों ने डोगरा लोकनृत्य के माध्यम से क्षेत्रीय संस्कृति की झलक पेश की। जिला शिमला के कलाकारों ने चिट्टा के खिलाफ संदेश देता नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से उजागर किया और युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात, मीडिया और प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुचारू रहीं।

January 26, 2026 Republic Day celebrations at Ridge Maidan today Governor to take the salute at the parade
रिज पर निकाली जा रही झांकियां। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क

हिमाचल की जेलों में बंद 397 कैदियों को सजा में मिली छूट 
गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रदेश सरकार ने विभिन्न जेलों में बंद 397 सजायाफ्ता कैदियों को सजा में छूट देने का एलान किया है। यह छूट अच्छे आचरण वाले कैदियों को दी जा रही है। इसका लाभ राज्य की जेलों में बंद कुल 1,083 दोषी कैदियों में से 397 को मिलेगा। सरकार की तरफ से बताया गया है कि आजीवन कारावास सहित 10 साल से अधिक सजा काट चुके कैदियों को 45 दिन की छूट दी जाएगी, जबकि 5 साल से अधिक और 10 साल तक सजा पाने वालों को 30 दिन की छूट मिलेगी।

इसी तरह 3 साल से अधिक और 5 साल तक सजा काट रहे कैदियों को 21 दिन, 1 साल से अधिक और 3 साल तक सजा पाने वालों को 15 दिन तथा 6 महीने से अधिक और एक साल तक सजा पाए कैदियों को 7 दिन की छूट दी जाएगी। हिमाचल सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह छूट केवल उन्हीं कैदियों को दी जाएगी, जिनका जेल के दौरान आचरण अच्छा रहा है। एनडीपीएस एक्ट, पॉक्सो एक्ट, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, आतंकवाद, फिरौती के लिए अपहरण, आदतन अपराधियों, पैरोल से फरार कैदियों और अन्य गंभीर अपराधों में दोषी कैदियों को इस छूट से बाहर रखा गया है।

महानिदेशक कारागार अभिषेक त्रिवेदी ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 473, दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 432 और हिमाचल प्रदेश जेल मैनुअल 2021 के तहत दिए गए अधिकारों का उपयोग करते हुए सजा में छूट का निर्णय लिया गया है। 

धमाकों की धमकी के बाद पुलिस, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, होटलों में खंगाला जा रहा रिकॉर्ड
रिज पर मनाए जाने वाले 77वें गणतंत्र दिवस समारोह से पहले जिला शिमला में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। शिमला पुलिस शहर के होटलों में दूसरे राज्यों से आने वाले पर्यटकों के बारे में जानकारियां जुटा रही है, तो वहीं होटल संचालकों को भी बिना पहचान पत्र के किसी को भी कमरा नहीं देने की सख्त हिदायत दी है। इसके साथ ही सभी ठहरने वाले लोगों का रिकाॅर्ड भी जांचा जा रहा है। इसके अलावा शोघी में बाहर से आने वाले वाहनों की भी जांच की जा रही है। उपायुक्त शिमला की ईमेल पर धमकी भरा ईमेल आने के बाद से ही पुलिस, सीआईडी समेत केंद्रीय एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं। समारोह स्थल पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

समारोह स्थल और इसके आसपास के क्षेत्र में दिन और रात के समय सुरक्षा कर्मी पहरा दे रहे हैं। समारोह के दौरान मुख्यातिथि के साथ मंच पर बैठने वाले नेताओं और अफसरों की भी सूची तैयार की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पास होने के बाद ही मंच के आसपास किसी को भी बैठने की अनुमति दी जाएगी। गणतंत्र दिवस समारोह राज्यपाल के साथ ही मुख्यमंत्री भी शिरकत करेंगे। इसको देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सुरक्षा को लेकर सभी जरूरी तैयारियों को करने में जुटा है। डीआईजी शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शोघी में वाहनों की जांच की जा रही है। साथ ही समारोह स्थल पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।

कुल्लू में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने फहराया तिरंगा
जिला मुख्यालय कुल्लू के ढालपुर मैदान में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और उपस्थित जनता को गणतंत्र की बधाई दी। इस मौके पर पुलिस, आईटीबीपी, होमगार्ड, महिला पुलिस, एनएसइस, एनसीसी, आपदा मित्र सहित अन्य टुकड़ियों ने परेड में सलामी। इस दौरान निजी और सरकारी स्कूलों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। जबकि शिक्षा मंत्री ने सम्बोधित करते हुए कहा की देश के साथ साथ हिमाचल भी निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार ने भी प्रदेश को विकास पथ पर आगे ले जाने का प्रयास किया है।

रिकांगपिओ में गणतंत्र दिवस समारोह में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने ली सलामी
आईटीबीपी मैदान रिकांगपिओ में गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने समारोह की अध्यक्षता की। समारोह में पुलिस बल, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, गृह रक्षा के जवान, एनसीसी के स्वयंसेवकों ने मार्च पास्ट कर सलामी दी।

77वें गणतंत्र दिवस पर सेरी मंच पर लहराया गया तिरंगा
77वें गणतंत्र दिवस पर जिला स्तरीय समारोह मंडी शहर के सेरी मंच पर आयोजित किया गया जिसमें आयुष एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने सबसे पहले शहीद स्मारक जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उपरांत इसके राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रध्वज लहराकर परेड़ का निरीक्षण करने के उपरांत सलामी ली। परेड़ में हिमाचल पुलिस, महिला पुलिस, होमगार्ड, महिला होमगार्ड, पुलिस बैंड और विभिन्न संस्थानों से आए दलों की टुकड़ियों ने भाग लेकर सलामी दी। अपने संबोधन में मंत्री यादविंद्र गोमा ने देश की आजादी में अपना अहम योगदान देने वालों और शहीदों को याद किया।



इस मौके पर उन्होंने प्रदेश सरकार और अपने अधीन विभागों के माध्यम से चल रही योजनाओं की जानकारी भी दी। गोमा ने बताया कि मंडी में आयुष विभाग द्वारा शुरू की गई टेली मेडिसिन योजना का अभी तक एक हजार लोगों ने लाभ उठाया है। जिला में 6 आयुर्वेदिक स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण पर 3 करोड़ की धनराशि खर्च की जा रही है। वार्षिक पोषण अभियान के तहत 46 हजार से अधिक लोग लाभांवित हो चुके हैं। यादविंद्र गोमा ने बताया कि मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना के तहत प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में खेल मैदानें का निर्माण किया जा रहा है। मंडी जिला में योजना के तहत 26 खेल मैदानों के निर्माण पर 3.90 करोड़ की धनराशि खर्च की जा रही है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के तौर पर जिला में 6 लाख 31 हजार की धनराशि वितरित की जा चुकी है। सुंदरनगर में 10 करोड़ 50 लाख की लागत से भव्य इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। समारोह में स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मंत्री ने सम्मानित भी किया। समारोह में विधायक अनिल शर्मा सहित अन्य चुने हुए जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।

बीबीएमबी पंडोह में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया
बीएसएल परियोजना बीबीएमबी पंडोह द्वारा 77वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बीबीएमबी सुंदरनगर के अधीक्षण अभियंता कश्मीर सिंह ठाकुर मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आरम्भ राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर और राष्ट्रीय गान के साथ किया गया। मुख्यातिथि कश्मीर सिंह ठाकुर ने  उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का आयोजन बीबीएमबी स्टेडियम पंडोह में किया गया, जहां पंडोह क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों में देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की झलक साफ दिखाई दी।



इस अवसर पर बीबीएमबी पंडोह के अधिशाषी अभियंता चंद्रमणी शर्मा, सीआईएसएफ पंडोह के इंचार्ज अशोक तक्षक, सहायक अभियंता राकेश कुमार, सहायक अभियंता बी.पी. यादव, सहायक अभियंता पदम सिंह, सहायक अभियंता सर्वजीत वर्मा, डॉक्टर खेम राज सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। बीबीएमबी पंडोह की ओर से उपस्थित सभी लोगों को मिठाई वितरित की गई। कार्यक्रम के उपरांत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले सभी स्कूली बच्चों को सम्मानित किया गया। मुख्यातिथि कश्मीर सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए संविधान एवं गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

चौगान में हर्षोल्लास के साथ मनाया गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह 
चंबा के ऐतिहासिक चौगान में गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का शुभारंभ किया। पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड की टुकड़ियों की ओर से प्रस्तुत भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों, गैर सरकारी संस्थाओं सहित मार्चपास्ट करने वाली टुकड़ियों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों और कलाकारों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों एवं सांस्कृतिक दल के कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

करसोग में हर्षोल्लास से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस समारोह
करसोग में 77वें उपमडंल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करसोग में किया गया। उपमंडलाधिकारी नागरिक करसोग गौरव महाजन कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। उन्होंने इस अवसर पर ध्वजारोहण कर पुलिस, होमगार्ड के जवानों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउंट एंड गाइड और रेंजर्स एडं रोवर्स द्धारा प्रस्तुत आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली। उपमंडलाधिकारी ने इस अवसर पर शहीद स्मारक जाकर देश के लिए अपनी जान न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों को भी श्रद्धाजंलि अर्पित की। मुख्यातिथि ने इस अवसर पर अपने संबोधन में क्षेत्र के लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी जानते है कि आज ही के दिन हमारे देश का संविधान पूर्ण रूप से लागू हुआ था, तभी से इस दिन को हर वर्ष गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता हैं। उन्होंने कहा कि हमारे संविधान ने हर एक देशवासी को सशक्त किया है। आज देश ने तरक्की की जिन उंचाईयों को छुआ है, वह केवल हमारे लोकतंत्र से मिली गणतान्त्रिक शक्तियों से ही संभव हुआ है।



उन्होंने कहा कि हम सब इस गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रण ले की महात्मा गांधी, पंडित नेहरू, सुभाषचंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह जैसी अनेक पुण्य-आत्माओं की कुर्बानी को व्यर्थ नहीं जाने देंगे। उन्होंने कहा कि हमें युवा पीढ़ी को नशे जैसी बुराई से बचाना होगा, तभी गणतंत्र को अधिक सशक्त बनाया जा सकता है। समारोह के दौरान मुख्यातिथि ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना योगदान देने वाले क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानी गयारु राम, स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय जगरनाथ की पत्नी मालतू देवी, पदमश्री नेक राम शर्मा को इस अवसर पर शाॅल, टोपी व समृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।  इस अवसर पर मुख्यातिथि द्वारा आपदा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने के लिए विभिन्न विभागों के लगभग डेढ़ दर्जन अधिकारियों और कर्मचारियों को भी, उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्धारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

मुख्यातिथि ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विभिन्न प्रतिभागियों, मार्चपास्ट प्रस्तुत करने वाले पुलिस, होमगार्ड के जवानों, एनसीसी, एनएसएस रेंजर्स एंड रोवर्स और नगर पंचायत करसोग के लगभग एक दर्जन सफाई कर्मचारियों को भी समृति चिन्ह व प्रस्सति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष हरिओम शर्मा, नगर पंचायत के उपाध्यक्ष बंसी लाल, डीएसपी चांद किशोर, नायब तहसीलदार करसोग राहुल शर्मा, भडारणु पंचायत के प्रदान दलीप गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पूर्व सैनिकों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed